
ग्वालियर/शिवपुरी। कोलारस विधानसभा उपचुनाव के लिए शनिवार को हुए मतदान के दौरान छुटपुट घटनाओं के बीच 71 फीसदी मतदान हुआ। नगरीय क्षेत्रों के कुछ मतदान स्थलों पर 5 बजे से पहले ही सन्नाटा पसर गया, तो कुछ जगह लंबी लाइनें भी लगीं रहीं। चाक-चौबंद व्यवस्थाओं के बीच मतदान के दौरान ईव्हीएम ने कई मतदान केंद्रों पर धोखा दिया। जिसके चलते मशीनें बदलने के फेर में कई जगह मतदान में रुकावट आती रहीं। महत्वपूर्ण बात यह है कि पुलिस सहित सीआरपीएफ एवं रेपिड एक्शन फोर्स की मौजूदगी के चलते मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया।
शनिवार सुबह ७ बजे से ही कोलारस विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर लोगों की चहल-पहल शुरू हो गई। इनमें से कुछ मतदान केंद्रों पर मॉकपोल के दौरान ही ईव्हीएम मशीनों ने काम करना बंद कर दिया। यानि मतदान शुरू होने से पहले ही मशीनें बदलने का दौर चल निकला। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों ने पहले अपने मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान किया और इसके बाद वे क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर निकल गए। मतदान के दौरान इंदार थाना क्षेत्र के मड़वासा पोलिंग बूथ पर कांग्रेस व भाजपा के कार्यकर्ता भिड़ गए,लेकिन मतदान केंद्र पर सीआरपीएफ होने की वजह से समय रहते स्थिति नियंत्रण पर कर ली गई।
वहीं सेसईखुर्द में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच मुंहवाद के बाद कुर्सियां फेंकने की नौबत आ गई,लेकिन जल्दी ही पुलिस मोबाइल के पहुंचने से वहां भी मामला बिगडऩे से पहले शांत कर लिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर तरुण राठी एवं पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार पांडेय ने मतदान केंद्रों पर जाकर जायजा तो लिया ही,साथ ही पर्यवेक्षकों ने भी मतदान केंद्रों का भ्रमण कर वहां की स्थितियों का जायजा लिया।
ग्रामीण क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर सुबह से लगी लाइनें शाम तक लगी रहीं, वहीं नगरीय क्षेत्र में दोपहर में मतदाताओं की संख्या कुछ कम रही, लेकिन सुबह व शाम को अच्छी वोटिंग हुई। शाम पांच बजे सभी मतदान केंद्रों के बाहरी दरवाजों को बंद कर दिया गया तथा जो लोग समय रहते अंदर आ गए, उन्होंने मतदान किया। इस दौरान कुछ जगह मतदाता यह कहते भी सुने गए कि बस थोड़ी ही देर हो गई,
लेकिन मतदान केंद्रों के मुख्य द्वार पर सीआरपीएफ के जवान तैनात किए गए, जिन्होंने घड़ी देखकर नियमानुसार ही काम किया। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों ने अपनी जीत का दावा किया। शाम पांच बजे तक जो रुझान आए, उसमें कोलारस विधानसभा में 71 फीसदी मतदान हो गया था। हालांकि वोटों की गिनती का क्रम देर शाम तक जारी रहा।
Published on:
24 Feb 2018 08:43 pm
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
