
प्रतीकात्मक तस्वीर। (फोटो सोर्स- पत्रिका)
mp news: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक नाबालिग के साथ रेप कर उसे ब्लैकमेल करने का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने नाबालिग को इस कदर डराया कि वो अपने घर से 49 तोला सोना, पुश्तैनी जेवरात, 400 ग्राम चांदी, 80 हजार रुपए कैश चुराकर एक बैग में रखे और आरोपी को दे दिए। आरोपी इसके बाद भी नाबालिग को ब्लैकमेल कर रहा था। इसी बीच जब नाबालिग के पिता ने जब लॉकर खोला तो जेवरात गायब होने से उनके होश उड़ गए।
ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना इलाके में रहने वाले शख्स ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके घर से लॉकर में रखे करीब 50 लाख रूपये के जेवरात, कैश और आर्म्स लाइसेंस व 10 कारतूस गायब हैं। उन्हें जब आर्म्स लाइसेंस और कारतूस की जरूरत पड़ी तो उन्होंने लॉकर खोला तब उन्हें इनके गायब होने का पता चला। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की। परिवार के सदस्यों से बातचीत की गई तो 16 साल की नाबालिग बेटी की बातों पर पुलिस को शक हुआ।
शक होने पर परिजन व पुलिस ने 16 साल की नाबालिग को भरोसे में लेकर जब उससे बात की तो उसने अपने साथ रेप और ब्लैकमेलिंग की घटना के बारे में बताया। नाबालिग ने बताया कि उसके घर के पास ही उसकी सहेली की दुकान है जिस पर सहेली का भाई शिवम भदौरिया बैठता था। वो अक्सर सहेली के घर जाती थी तभी शिवम से दोस्ती हो गई और अगस्त 2024 में शिवम ने उसे प्रपोज किया वो उसकी बातों में आ गई और उससे मिलने लगी। 3 अप्रैल को सुबह जब वो घर पर अकेली थी शिवम घर पर आया और उसे बातों में फंसाकर उसके साथ रेप किया और अश्लील फोटो व वीडियो बना लिए। इसके बाद शिवम उसे फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा।
आरोपी शिवम की बातों से डरकर 13 जून को नाबालिग घर के लॉकर से सोने के जेवरात व 80 हजार रूपये कैश निकाले और एक बैग में रखकर आरोपी शिवम को दे दिए। जिस बैग में नाबालिग ने जेवरात व कैश रखा था उसमें ही पिता का आर्म्स लाइसेंस व 10 कारतूस रखे थे। सच्चाई सामने आते ही पुलिस ने तुरंत आरोपी शिवम को पकड़ा और उससे पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि उसके पास अभी एक सीतारानी हार, 12 बोर बंदूक के 10 कारतूस और 80 हजार रुपए हैं। बाकी सोने के जेवरात उसने बैंक में रखकर 24 लाख रूपये के गोल्ड लोन लिया है जिसके पैसे उसके अकाउंट में हैं। पुलिस ने सारा पैसा निकालकर अकाउंट को फ्रीज कर दिया और लोन को चुकता करने के बाद सारा सोना चांदी बरामद कर जब्त किया, आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।
Updated on:
25 Jun 2025 09:04 pm
Published on:
25 Jun 2025 09:04 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
