
MP NEWS: मध्यप्रदेश के ग्वालियर के डबरा में नहर में मिली बोलेरो गाड़ी को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जो बोलेरो नहर के पानी में डूबी मिली है उसने एक कथावाचक की जान ली थी। बोलेरो में सवार लोगों के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है लेकिन बोलेरो का नंबर ट्रेस करने पर पुलिस को पता चला है कि गाड़ी डबरा की रहने वाली सीमा परिहार के नाम पर रजिस्टर्ड है।
पुलिस की जांच में पता चला है कि जो बोलेरो गाड़ी नहर में मिली है उसने दो दिन पहले बिलोआ थाना इलाके में कथावाचक पंडित गर्गाचार्य महाराज को टक्कर मारी थी और इसके कारण उनकी मौत हो गई थी। एक्सीडेंट करने के बाद गाड़ी चालक मौके से फरार हो गया था। इसके कारण पुलिस को शक ये भी है कि उसी एक्सीडेंट के राज को छिपाने के लिए बोलेरो को नहर में फेंका गया है।
पुलिस ने आरटीओ से नंबर ट्रेस होने के बाद जब बोलेरो की वर्तमान मालिक डबरा निवासी सीमा परिहार से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि गाड़ी उनके ड्राइवर जितेन्द्र रावत के पास थी। पुलिस ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश कर रही है, बता दें कि भितरवार-करहिया रोड पर हरसी हाई लेवल नहर में बोलेरो गाड़ी गिरने की सूचना करहिया थाना पुलिस को मिली थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो को बड़ी मशक्कत के बाद नहर से बाहर निकाला है।
Updated on:
7 Mar 2025, 7:19 PM IST
Published on:
7 Mar 2025, 7:19 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.