
सावधान! कहीं आप भी तो नहीं खा रहे जहरीली सब्जियां और फल
ग्वालियर/ श्योपुर । शरीर को पोषित करने वाले फल व सब्जियों की जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग गंभीर नहीं है। जबकि फल व सब्जियों को उत्पादन व वजन बढ़ाने के लिए कई तरह के केमिकलों का उपयोग किया जा रहा है। जिनको लोग खाने को मजबूर बने हुए है। बाबजूद इसके,जिम्मेदार इस दिशा में कोई ध्यान नहीं दे रहे है। जिम्मेदारों का तर्क हैं कि फल व सब्जियों के नमूने लेने का कोई प्रावधान नहीं है ।
यूं तो जिले में तैनात खाद्य विभाग के अधिकारी शुद्ध व गुणवत्ता पूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने के लिए आए दिन खाद्य सामग्री के नमूने तो ले रहे है। लेकिन फलों व सब्जियों की जांच नहीं की जा रही है। जबकि कृषि विभाग के अधिकारी स्वीकार रहे है कि सब्जियां व फल सर्वाधिक प्रदूषित होते है। मंडी पहुंचने के बाद लोग इन्हे तत्काल काम में लेते है। इसके विपरित किसान अधिक मुनाफे के चक्कर में इन्हे विषाक्त करने से भी नहीं चूक रहे है। जबकि डॉक्टरों का कहना है कि केमिकल व दूषित पानी से पनपने वाली सब्जियां व फलों का सर्वाधिक असर पाचन क्रिया व लीवर पर पड़ता है। इससे पेट से संबंधित कई बीमारियां होने लगती है। इतना होने के बाद भी जिम्मेदार विभागीय अधिकारी नमूने लेकर कार्रवाई जैसा कोई प्रभावी कदम उठा नहीं रहे है ।
गंदे पानी से हो रही सिंचाई
शहर सहित जिले में कई जगहों पर सब्जियों की सिंचाई गंदे पानी से की जा रही है। शहर श्योपुर में बंजाराडैम के निकट, गुलाब बाड़ी और किला गेट के समीप सहित अन्य कई स्थानों पर शहर से निकलने वाले नालों के गंदे पानी को रोककर उससे सब्जियों की सिंचाईकी जा रही है ।
ऑफ सीजन में न खरीदें
जानकारों की माने तो ऑफ सीजन में मिलने वाले फल व सब्जियों की खरीदारी करने से बचना चाहिए। बिना सीजन आने वाले फल अप्राकृतिक होने के साथ-साथ जहरीले भी हो जाते है। क्योंकि बिना सीजन आने वाले फलों को कईतरह के कैमिकल डालकर पकाया जाता है। ये ही स्थितियां सब्जियों की है। ऐसे में सीजन के अनुसार फल व सब्जियों का उपयोग करना चाहिए। बिना ऋतु के इन्हें खाने से ये स्वास्थ्य की दृष्टि से भी नुकसानदेह है ।
जल्दी पकाने का लालच
फल और सब्जियों को जल्द पकाने के लालच में लोग कैमिकल व इंजेक्शन तक का उपयोग कर रहे है। जबकि इसका उपयोग स्वास्थ्य पर विपरित प्रभाव डालता है ।
वैसे तो फल व सब्जियों के नमूने लेने का कोई नहीं प्रावधान है। लेकिन फिर भी हम ऐसी स्थितियों में सुधार के लिए खाद्य निरीक्षकों को निर्देशित करेंगे ।
डॉ एनसी गुप्ता , सीएमएचओ, श्योपुर
Published on:
28 Aug 2018, 2:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.