
फरार दुल्हन को ड्रोन से ढूंढ़ रहा दूल्हा, PC- एक्स।
हमीरपुर : हमीरपुर में एक चौकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन शादी के अगले ही दिन घर से फरार हो गई। दूल्हा दुल्हन की जगह-जगह पर तलाश कर रहा है। लेकिन, दुल्हन का कहीं पता नहीं चल पा रहा है। पीड़ित दूल्हा पत्नी की ड्रोन से तलाश कर रहा है।
मामला हमीरपुर जिले के राठ कस्बे का है। यहां एक युवक ने 90 हजार रुपए देकर शादी की थी। पीड़ित पति ने गुरुवार को कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। कोतवाली क्षेत्र के बिलरख गांव निवासी दयाराम ने बताया कि सोमवार को बेटे राहुल की शादी 90 हजार रुपये देकर रेवना कानपुर नगर निवासी युवती से की थी।
युवक के पिता ने बताया कि तहसील में स्टांप पर लिखित में शादी हुई थी। इस दौरान युवती की ओर से दो गवाह थे। युवती ने उन दोनों को अपना बहनोई बताया। इन्हीं दोनों ने पैसे लेकर शादी करवाई थी। युवक के पिता का कहना है कि वह शाम को बहू को लेकर आए थे और अगले दिन गांव में लोगों के लिए भोज की तैयारी थी। लेकिन, बहू मंगलवार की रात 1.30 बजे घर से भाग गई और अपने साथ भोज के लिए रखे 50 हजार रुपए, मंगलसूत्र और सोने चांदी के 80 हजार के जेवरात लेकर फरार हो गई।
सुबह जब परिजनों की नींद टूटी तो घर से नई बहू नदारद थी। बताया कि सीसीटीवी कैमरे में उनकी बहू गांव के ही एक व्यक्ति के घर जाते हुए दिख रही है। यही व्यक्ति उस लड़की को बाहर से लेकर आया था और उसके यहां दो दिन रुकी थी। आरोप लगाया कि इसी व्यक्ति ने उनकी बहू को भगा दिया। कोतवाल रामआसरे सरोज ने कहा कि मामले की जांच की जाएगी।
दूल्हा राहुल ने ड्रोन कैमरे से तलाश की तो गांव के बाहर खेत में दुल्हन के कपड़े मिले। मगर, दुल्हन का कुछ पता नहीं लग सका। हालांकि, रात में दुल्हन के जाने का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है।
Updated on:
25 Jul 2025, 3:35 PM IST
Published on:
25 Jul 2025, 3:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.