हनुमानगढ़. हनुमानगढ़ की धरा पर पहली बार ओपन नॉर्थ जोन पैरा कबड्डी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में आठ राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर आठ, नौ और दस नवम्बर को होगी। प्रतियोगिता की तैयारियंा बड़े पैमाने पर चल रही हैं। प्रतियोगिता आयोजन के लिए आयोजन समिति बनाई गई है। प्रतियोगिता आयोजन का जिम्मा अर्जुन अवार्ड विजेता और पैरा ओलम्पियन जगसीर सिंह को दिया गया है। जगसीर सिंह को प्रतियोगिता आयोजन समिति का सचिव बनाया गया है।
प्रतियोगिता की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। हाल ही में हनुमानगढ़ दौरे पर आए भारतीय पैरा ओलम्पिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं पद्म विभूषण देवेन्द्र झांझडिय़ा ने ओपन नॉर्थ जोन पैरा कबड्डी प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन किया है। ओपन नॉर्थ जोन पैरा कबड्डी प्रतियोगिता में अर्जुन अवार्ड विजेता और पैरा ओलम्पियन संदीप मान भी सहयोग कर रहे हैं।