
Crime
हरदोई. कोतवाली कछौना के एक गांव में एक युवक ने नशेबाजी में हदे पार करते हुए ऐसी हरकतें कर दी कि इन हरकतों ने उसे जेल की राह दिखा दी है। पुलिस ने महिलाओं की ओर से मिली शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि बारात विदा करके वापस जा रही महिलाओं के साथ नशेबाजी में एक युवक ने छेड़खानी की। आरोप है कि उसने महिलाओं के साथ गलत हरकत करने के साथ ही लूट की घटना को अंजाम दिया। महिलाओं की शिकायत पर कछौना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ लूट व छेड़खानी का मामला दर्ज कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के एक ग्राम से बारात जा रही थी। बारात को गाँव के धुरे से विदा करने के बाद शाम को महिलाएं वापस लौट रही थीं। इसी दौरान नशेबाज युवक ने एक महिला को मौका पाकर दबोच लिया। उसके कान के कुंडल व जेवरात छीनने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही अन्य महिला ने ललकारा तो युवक महिला के कान का कुंडल नोच कर भाग गया। शोर सुनकर अन्य महिलाओं आदि ने उसे पकड़ने की कोशिश की मगर मौका पाकर वो भागने में सफल रहा। कछौना पुलिस को मामले की सूचना दी गई । प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार श्रीवास्तव अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और मामला दर्ज किया।
बताया जाता है कि पीड़ित महिला अपनी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने आई थी। उधर शादी विवाह बारातों समारोह आदि में नशेबाजी और अन्य घटनाओं को लेकर हरदोई पुलिस ने इसपर शिकंजा कसने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। अब पुलिस ऐसे लोगों पर विशेष निगाह रखेगी जो खुलेआम नशा करते हुए दिखेंगे। जिले के सभी धर्मशाला, होटलों, रेस्टोरेंट और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। अपर पुलिस अधीक्षक कुमार अजय सिंह ने बताया कि जिले के सभी थानाध्यक्षों को इस ओर विशेष निगाह रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जो कोई भी सरेआम नशेबाजी करते हुए पाया जाएगा उसके खिलाफ पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
Published on:
26 Apr 2018 06:31 pm
बड़ी खबरें
View Allहरदोई
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
