
हरदोई. इसे ही कहते हैं 'सिर मुड़ाते ही ओले पड़ना।' कुछ ऐसा ही हुआ है नरेश अग्रवाल के साथ। उम्मीदों के बावजूद सपा ने उन्हें राज्यसभा नहीं भेजा। भाजपा ने भी उनके प्रमुख प्रतिद्वंदी नेता डॉ. अशोक वाजयेपी को राज्यसभा का टिकट देकर हरदोई में उनके विरोधियों को लामबंद करने की कोशिश की। मजबूरन उन्हें समाजवादी पार्टी को अलविदा कहते हुए भाजपा का दामन थामना पड़ा। यहां भी उनकी मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। सूत्रों की मानें तो भाजपा आलाकमान ने उन्हें 'पार्टी लाइन' को ध्यान में रखते हुए बेवजह की बयानबाजी से बचने का निर्देश दिया है।
अपने विवादित बयानों के लिए मशहूर नरेश अग्रवाल ने भाजपा की सदस्यता लेती ही, इसकी बानगी पेश की। आते ही वह महानायक अमिताभ बच्चन की पत्नी व समाजवादी पार्टी की महिला नेता जया बच्चन पर विवादित बयान दे बैठे। उन्होंने नाम लिये बिना जया बच्चन पर निशाना साधते हुए कहा कि एक नाचने वाली के लिये मेरा राज्यसभा टिकट काट दिया गया। यह उचित नहीं है। नरेश अग्रवाल के बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें घेरा, लेकिन जया प्रदा ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं एक जिद्दी महिला हूं, मैं जवाब नहीं दूंगी।
भाजपा की नरेश अग्रवाल को सख्त हिदायद
नरेश अग्रवाल के भाजपा ज्वॉइन करने और विवादित बयान देने के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी भूचाल आ गया। भाजपा की केंद्रीय विदेश मंत्री व वरिष्ठ महिला नेता सुषमा स्वराज ने नरेश अग्रवाल के बयान की निंदा करते हुए जया बच्चन पर उनके द्वारा की गई टिप्पणी को अनुचित और अस्वीकार्य बताया। सूत्रों की मानें तो बीजेपी हाईकमान ने भी नरेश अग्रवाल को पार्टी लाइन में रहने की सख्त हिदायद दी है।
अखिलेश ने बयान पर घेरा
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नरेश अग्रवाल के बयान की कड़ी निंदा करते हुए महिला आयोग से उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सपा प्रमुख ने कहा कि नरेश अग्रवाल ने केवल जया बच्चन का ही नहीं, बल्कि फिल्मी दुनिया के साथ ही देश की हर महिला का अपमान किया है।
गृहनगर हरदोई में भी विरोध
सोमवार को नरेश अग्रवाल ने भाजपा का दामन थाम लिया। इसका असर उनके गृहनगर हरदोई में भी देखने को मिला। शहर में जहां नरेश समर्थकों ने जश्न मनाया, वहीं जिले के सपाइयों ने नरेश अग्रवाल के पोस्टर पर कालिख पोत दी और उनके पोस्टर फाड़ दिये।
Published on:
13 Mar 2018, 5:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.