
हाथरस। जिले के थाना कोतवाली सासनी क्षेत्र के बसगोई चौराहे पर दिन दहाड़े हथियारों के बल पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने दम्पति को लूट लिया। दम्पति के सोने चांदी के जेवरातों सहित अन्य सामान लूटकर बदमाश फरार हो गए, घटना की सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर जांच में जुट गयी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ये है पूरी घटना
अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव ताहरपुर निवासी दीपेश दीक्षित अपनी पत्नी रेखा के साथ बाइक पर हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र के गांव जंगीपुर आ रहा था तभी रास्ते में बसगोई चौराहे के निकट एक अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया और तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। हथियारों के बल पर दोनों से नकदी और सोने चांदी के आभूषणों को लूट कर फरार हो गए। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर रही है। दिन दहाड़े इस लूट की घटना से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान उठ रहे हैं।