
loot n hathars
हाथरस। सादाबाद थाना क्षेत्र के मथुरा रोड पर बाइक सवार हथियार बंद बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। शराब ठेके के सेल्समैन से रुपयों से भरा थैला लूट ले गए। सेल्समैन मंगलवार रात की शराब बिक्री की रकम सादाबाद जमा करने आ रहा था। तभी रास्ते में बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दे दिया।
मोबाइल भी लूट लिया
ताजा मामला सादाबाद कोतवाली के मनस्या बम्बे का है। बिसावर में शराब का ठेका है। यहां का सेल्समैन सत्यवीर चार ठेकों का कैश लेकर सादाबाद आ रहा था। तभी पीछे से आए हथियारबंद तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे थैला लूट लिया। थैले में एक लाख रुपये से अधिक नकदी थी। बदमाशों ने सत्यवीर से मोबाइल भी लूट लिया। लूट के बाद आराम से फरार हो गए।
सत्यवीर ने क्या बताया
लूट के शिकार हुए सेल्समैन सत्यवीर ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। थैला लूट ले गए। थैल में एक लाख रुपये से अधिक थे। वह रुपये बैंक में जमा करने जा रहा था। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक अरविन्द कुमार का कहना है कि लूट की शिकायत मिली है और जांच की जा रही है।
हर हफ्ते हो रही लूट
हाथरस में शायद लुटेरों और अपराधियों के दिल में पुलिस का खौफ नहीं है। तभी तो हाथरस में अपराध का ग्राफ कम नहीं हो रहा है। आए दिन लूट आदि की घटनाओं को बदमाश अंजाम दे रहे हैं। शायद ही कोई हफ्ता बाक़ी जाता है जब हाथरस में लूट की घटना न हो।
जेई से हुई थी लूट
अभी पिछले हफ्ते जूनियर इंजीनियर (जेई) से हुई लाखों की लूट के अपराधी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। लूट की नई घटना करके बदमाशों ने पुलिस को खुला चैलेन्ज दे दिया है। कुछ घटनाओं का खुलासा करके हाथरस पुलिस खुद ही अपनी पीठ थपथपा लेती है। अब देखना ये होगा कि कब तक इन लूट के अपराधियों को पुलिस सलाखों के पीछे भेज पाती है और लूट की घटनाओं पर रोक लगा पाती है।
Published on:
26 Sep 2017, 6:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.