हाथरस। जिले के रहने वाले प्रवीण वार्ष्णेय के साथ वर्ष 2009 में एक ऐसा वाक्या हुआ जिसने उन्हें अंदर से झकझोर कर रख दिया। उनके परिवार के एक शख्स की तबियत काफी खराब हो गई थी। उसे ब्लड की जरूरत थी। ब्लड के लिए वे शहरभर में कई जगह दौड़े, लेकिन कहीं से इंतजाम नहीं हो सका। उसके बाद उन्होंने आगरा और दिल्ली तक खून के लिए संपर्क किया। तब जाकर किसी तरह इंतजाम हुआ और उनकी जान बच पायी। उस दिन प्रवीण ने ठान लिया कि अब वे जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए कुछ ऐसा काम करेंगे जिसके कारण लोगों को खून की कमी के चलते किसी व्यक्ति को जान नहीं गंवानी पड़ेगी। उसके बाद उन्होंने शहर में जगह जगह कैंप लगाकर ब्लड बैंक तैयार किया ताकि जरूरतमंदों को ब्लड के लिए इधर उधर न भटकना पड़े।