
हाथरस। जिले में एक दिव्यांग दुकानदार को सिपाहियों से सिगरेट व गुटखे के पैसे मांगना भारी पड़ गया। पैसे मांगने पर नशे में धुत सिपाहियों ने उसकी जमकर धुनाई की। इस मामले की शिकायत करने जब वो थाने पहुंचा तो वहां भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा पीड़ित ने निराश होकर पुलिस के आलाधिकारीयों व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है। मामला थाना कोतवाली सासनी क्षेत्र के किशनगढी के पास का है।
ये है पूरा मामला
हाथरस के थाना सासनी क्षेत्र के कोतवाली चौराहा पर एक दिव्यांग तारा चंद्र की चाय, गुटखा की दुकान है। इस दुकान से ही उसकी रोजी रोटी चलती है। तारा चंद्र ने बताया कि उसकी दुकान थाने के नजदीक होने के कारण थाने में तैनात पुलिसकर्मी उसकी दुकान से उधार सामान ले लेते हैं। जब उसने थाने के दो सिपाहियों से उधारी के 500 रुपए मांगे तो उन्होंने उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। जिससे उसके सिर व शरीर पर अन्य जगहों पर कई चोटें आ गईं। किसी तरह आसपास के लोगों ने बीच बराव कर पीड़ित दिव्यांग को बचाया व अस्पताल मे भर्ती कराया।
थाने में भी नहीं हुई सुनवाई
तारा चंद्र ने बताया जब वह आपबीती सुनाने थाने पहुंचा तो वहां उसे कुछ सिपाही मिले। उन्होंने उसकी एक न सुनी और धमकाते हुए थाने से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित ने न्याय के लिए आलाधिकारियों व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मामले की शिकायत की है।