20 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सामने रखी चीज तक हाथ नहीं पहुंचता, तस्वीर भी समझ नहीं आती? हो सकता है Balint Syndrome का संकेत, क्लीवलैंड क्लिनिक से जानें कारण

Balint Syndrome Cause: आंखें ठीक होने के बावजूद चीजें पकड़ने में दिक्कत होती है? यह बालिंट सिंड्रोम का लक्षण हो सकता है। क्लीवलैंड क्लिनिक नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन और न्यूरोलॉजी जर्नल्स से जानिए इस दुर्लभ न्यूरोलॉजिकल बीमारी के कारण और लक्षण।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Nidhi Yadav

Aug 20, 2026

Balint syndrome symptoms,Optic ataxia causes,Simultanagnosia visual disorder,

बालिंट सिंड्रोम दिमाग से जुड़ी एक बेहद दुर्लभ और गंभीर स्थिति है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Balint Syndrome Prevention: कल्पना कीजिए कि आपकी आंखों की रोशनी बिल्कुल ठीक है, लेकिन फिर भी आपके सामने रखी चाय की चुस्की लेने के लिए जब आप हाथ बढ़ाते हैं, तो हाथ कप तक पहुंचने की बजाय खाली जगह में चला जाता है। जब आप किसी तस्वीर या कमरे की तरफ देखते हैं, तो आपको एक बार में सिर्फ एक ही चीज दिखाई देती है, बाकी सब गायब लगता है। यह सुनने में थोड़ा अजीब जरूर लग सकता है, लेकिन यह कोई नजर की कमजोरी या वहम नहीं है। यह दिमाग से जुड़ी एक बेहद दुर्लभ और गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है, जिसे मेडिकल साइंस में बालिंट सिंड्रोम (Balint Syndrome) कहा जाता है। आइए जानते हैं कि यह बीमारी क्या है, क्यों होती है और इसके मुख्य लक्षण क्या हैं।

क्या है बालिंट सिंड्रोम?

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, बालिंट सिंड्रोम आंखों की बीमारी नहीं है, बल्कि दिमाग की देखने और समझने की क्षमता से जुड़ी समस्या है। हमारी आंखें जो कुछ भी देखती हैं, दिमाग का एक हिस्सा उस जानकारी को प्रोसेस करके हमें माहौल की पूरी तस्वीर समझाता है और उसी हिसाब से शरीर को हरकत करने का इशारा देता है। जब दिमाग के पिछले हिस्से (पैरिएटो-ऑक्सिपिटल क्षेत्र) में दोनों तरफ किसी वजह से नुकसान पहुंचता है, तो आंखें और दिमाग का कनेक्शन टूट जाता है। इसके बाद मरीज चीजें देख तो सकता है, लेकिन दिमाग यह तय नहीं कर पाता कि वे चीजें कहां रखी हैं या एक साथ कितनी चीजें मौजूद हैं।

बालिंट सिंड्रोम के मुख्य लक्षण क्या हैं?

नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के अनुसार, रुडोल्फ बैलिंट ने सबसे पहले 1909 में बैलिंट सिंड्रोम का वर्णन किया था। इस बीमारी की पहचान इसके तीन मुख्य क्लासिक लक्षणों से होती हैं;

1. एक समय में केवल एक ही चीज दिखना (Simultanagnosia)- मरीज एक बार में पूरे माहौल या तस्वीर को देखने के बजाय सिर्फ एक ही चीज पर ध्यान केंद्रित कर पाता है। जैसे, अगर मरीज के सामने फल की टोकरी रखी है, तो उसे एक बार में सिर्फ एक सेब दिखाई देगा, पूरी टोकरी या उसके आसपास की चीजें गायब लगेंगी। पूरी तस्वीर को समझना उसके लिए नामुमकिन हो जाता है।

2. चीजों तक हाथ पहुंचने में परेशानी (Optic Ataxia)- न्यूरोलॉजी जर्नल्स के अनुसार, मरीज किसी देखी हुई चीज तक अपना हाथ सही से नहीं ले जा पाता। हाथ-आंख का तालमेल पूरी तरह बिगड़ जाता है। अगर आप उसके सामने पेन रखेंगे और उठाने को कहेंगे, तो उसका हाथ पेन की जगह दाएं-बाएं या ऊपर-नीचे चला जाएगा।

3. नजर को एक जगह से दूसरी जगह घुमाने में दिक्कत (Ocular Apraxia)- मरीज अपनी इच्छा से अपनी नजर को किसी नई चीज पर तुरंत नहीं टिका पाता। उसकी आंखें मानो एक ही जगह अटक जाती हैं या फिर बेतरतीब घूमती रहती हैं।

यह बीमारी क्यों होती है?

  • स्ट्रोक (Brain Stroke)।
  • गंभीर सिर की चोट।
  • अल्जाइमर या डिमेंशिया।
  • दिमाग में इंफेक्शन या ट्यूमर
  • अचानक ऑक्सीजन की कमी।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

बड़ी खबरें

View All

स्वास्थ्य

ट्रेंडिंग

लाइफस्टाइल