17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dengue Prevention: डेंगू से बचाव में काम आएगी सावधानी, स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया क्या करें

Dengue Prevention: डेंगू से खुद को और परिवार को बचाना है आसान! जानें स्वास्थ्य मंत्रालय की अहम सलाह और सीडीसी से मच्छरों से बचाव के असरदार तरीके।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Nidhi Yadav

Sep 17, 2026

dengue prevention tips,dengue symptoms and treatment,how to stop mosquito breeding,

डेंगू से खुद को और परिवार को ऐसे बचा सकते हैं- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Freepik)

Dengue Prevention: हर साल बारिश के मौसम में और उसके ठीक बाद डेंगू का खतरा तेजी से बढ़ने लगता है। डेंगू एक ऐसी बीमारी है जो किसी भी इंसान को कई दिनों के लिए पस्त कर सकती है। इसमें शरीर में तेज बुखार, जोड़ों में तेज दर्द और प्लेटलेट्स कम होने की समस्या हो जाती है। लेकिन सबसे राहत की बात यह है कि थोड़ा सा ध्यान देकर और सही कदम उठाकर इस बीमारी से पूरी तरह बचा जा सकता है। हाल ही में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (MoHFW) ने लोगों को जागरूक करने के लिए कुछ बातें साझा की हैं। उनका साफ कहना है कि डेंगू से बचने का सबसे बड़ा हथियार सही समय पर ली गई सावधानी ही है। मच्छर को पनपने का मौका मत दीजिए, इससे पहले ही कदम उठाइए। आइए समझते हैं कि डेंगू को फैलने से रोकने के लिए हमें अपने घर और आसपास क्या-क्या करना चाहिए।

ठहरे हुए पानी को न बनने दें मच्छरों का घर

डेंगू का मच्छर जिसे एडीज कहा जाता है, उसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह साफ और ठहरे हुए पानी में अंडे देता है। हमारे घर में या आसपास जरा सा पानी जमा हुआ और समझ लीजिए कि मच्छरों ने वहां अपना ठिकाना बना लिया। स्वास्थ्य मंत्रालय की सलाह है कि ठहरा हुआ पानी मच्छरों के प्रजनन का स्थान बन सकता है। कुछ मिनटों की सावधानी आपके परिवार और समुदाय को डेंगू से बचाने में मदद कर सकती है। पानी रखने वाले बर्तनों को नियमित रूप से खाली करें, साफ करें और ढक दें।

मच्छरों के काटने से खुद को कैसे बचाएं?

सीडीसी के अनुसार, मच्छरों को पनपने से रोकना तो जरूरी है ही, लेकिन साथ ही खुद को उनके काटने से बचाना भी उतना ही अहम है। डेंगू फैलाने वाले मच्छर ज्यादातर दिन के समय, खासकर सुबह और शाम को काटते हैं। इसलिए दिन में भी सुरक्षा जरूरी है;

  • पूरे कपड़े पहनें।
  • मच्छर भगाने वाले उपाय।
  • मच्छरदानी का इस्तेमाल।
  • घर की खिड़कियों और दरवाजों पर बारीक जाली लगवाएं ताकि बाहर से मच्छर अंदर न आ सकें।

डेंगू के लक्षण दिखें तो तुरंत ध्यान दें

  • अचानक बहुत तेज बुखार आना।
  • सिर में तेज दर्द होना और आंखों के पीछे दर्द महसूस होना।
  • मांसपेशियों और जोड़ों में असहनीय दर्द (इसलिए इसे हड्डी तोड़ बुखार भी कहते हैं)।
  • उल्टी, जी मिचलाना या भूख न लगना।
  • त्वचा पर हल्के लाल चकत्ते (Rashes) उभरना।

पूरे समाज की जिम्मेदारी है बचाव

डेंगू से लड़ाई केवल एक इंसान की नहीं है। अगर आपका घर साफ है, लेकिन पड़ोसी के घर में पानी जमा है, तो मच्छर आपके घर भी आ सकते हैं। इसलिए अपने परिवार के साथ-साथ अपने मोहल्ले और कम्युनिटी को भी जागरूक करें। अपने आसपास के लोगों को समझाएं कि पानी इकट्ठा न होने दें। थोड़ी सी सतर्कता और एकजुटता से हम डेंगू के खतरे को पूरी तरह हरा सकते हैं। याद रखें, रोकथाम ही सबसे बड़ा इलाज है!

डिस्क्लेमर
इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ओपिनियन का विकल्प नहीं है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे कोई भी दवा, उपचार या नुस्खा अपनी मर्जी से ना आजमाएं। इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।