
Fennel Water Benefits: बढ़ती उम्र पर ब्रेक लगा देगा ये हरा पानी, जानिए इसके कई और भी फायदे
फैनल यानि सौंफ रसोईघर में आसानी से मिलने वाले मसालों में से एक है। भोजन का स्वाद बढ़ाने के साथ ही सौंफ एक बेहतरीन माउथ फ्रेशनर भी है। इसमें कई तरह के पोषक तत्व जैसे विटामिन के, पोटैशियम, विटामिन सी, विटामिन ए, ई, एंटीऑक्सीडेंट, मैंगनीज, जिंक और फास्फोरस आदि मौजूद होते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि सौंफ का पानी भी आपकी त्वचा और सेहत के लिए बहुत फायदेमंद माना गया है। तो आइए जानते हैं इसके स्वास्थ्य लाभों के बारे में...
1. उम्र के लक्षण घटाए
सौंफ में विभिन्न खनिज जैसे जिंक, सेलेनियम और कैल्शियम होते हैं, जो रक्त प्रवाह में ऑक्सीजन संतुलन को बनाए रखते हैं। साथ ही इसके सेवन से हार्मोन्स को भी संतुलित रखने में मदद मिल सकती है। वहीं सुबह खाली पेट विटामिन c युक्त सौंफ का पानी पीना स्किन एजिंग को कम करने में सहायक होने के साथ ही स्किन रैश की समस्या में भी लाभकारी हो सकता है। इससे आपकी स्किन भी हाइड्रेट रहती है।
2. उच्च रक्तचाप नियंत्रण में
सौंफ के पानी में पर्याप्त मात्रा में पोटैशियम की मौजूदगी इसे हाई बीपी के मरीजों के लिए फायदेमंद बनाती है। अगर उच्च रक्तचाप से पीड़ित मरीज रोजाना सौंफ का पानी पीते हैं तो इससे हाई ब्लड प्रेशर के लक्षणों को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा यह आपके कोलेस्ट्रोल को कंट्रोल रखकर हार्ट के लिए अच्छा होता है।
3. पाचन दुरुस्त करे
हर दिन खाली पेट सौंफ का पानी पीने से आपके पाचन को दुरुस्त करने में भी सहायता मिलती है। सौंफ के पानी का सेवन कब्ज, पेट में सूजन या गैस की परेशानी को कम कर सकता है। इससे पेट में गैस्ट्रिक जूस और एंजाइम के उत्पादन को बढ़ावा मिलता है जिससे भोजन अच्छी तरह पचता है।
4. आंखों की रोशनी के लिए
आखों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में भी सौंफ के पानी के फायदे देखे जा सकते हैं। क्योंकि सौंफ के बीज में पाया जाने वाला विटामिन ए आँखों की रोशनी को बढ़ाने में मदद करता है। इसलिए अपनी डाइट में सौंफ का पानी शामिल करना एक स्वस्थ विकल्प हो सकता है।
(डिस्क्लेमर: आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए दिए गए हैं और इसे आजमाने से पहले किसी पेशेवर चिकित्सा सलाह जरूर लें। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने, एक्सरसाइज करने या डाइट में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।)
Updated on:
14 Mar 2022, 4:07 PM IST
Published on:
14 Mar 2022, 4:06 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.