
Vitamin C Deficiency Symptoms
Vitamin C Deficiency Symptoms: हमारे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए कई तरह के विटामिन जरूरी होते हैं। इन्हीं में से एक है विटामिन C। यह शरीर की रोगों से लड़ने की ताकत बढ़ाता है, साथ ही हड्डियों, त्वचा और बालों की देखभाल में भी मदद करता है। लेकिन जब शरीर में इसकी कमी हो जाती है तो धीरे-धीरे कुछ दिक्कतें शुरू हो जाती हैं।
अगर आप समय पर इन संकेतों को पहचान लें तो बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं, विटामिन C की कमी से कौन-कौन सी समस्याएं हो सकती हैं और इनसे बचने के लिए आपको क्या करना चाहिए।
अगर आप बिना किसी भारी काम के भी थकान महसूस करते हैं या हर समय शरीर में सुस्ती बनी रहती है तो यह विटामिन C की कमी का संकेत हो सकता है। दरअसल यह विटामिन शरीर को ऊर्जा बनाने में मदद करता है। जब इसकी कमी होती है, तो शरीर में एनर्जी लेवल घटने लगता है। जिससे हमेशा थकावट और कमजोरी महसूस होती है।
दांतों की देखभाल करते समय अगर मसूड़ों से खून आने लगे या उनमें सूजन महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करें। यह विटामिन C की कमी का सीधा संकेत हो सकता है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे तो यह 'स्कर्वी' नाम की बीमारी का कारण भी बन सकती है, जिसमें मसूड़े और दांत बुरी तरह प्रभावित होते हैं।
अगर आपको कोई चोट लग जाए और वह जल्दी नहीं भर रही हो तो यह भी विटामिन C की कमी का इशारा हो सकता है। यह विटामिन शरीर में कोलेजन बनाने में मदद करता है, जो घाव को भरने में जरूरी होता है।
विटामिन C की कमी का असर हमारे बालों और नाखूनों पर भी साफ दिखाई देता है। बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं, जिससे बाल झड़ने लगते हैं। वहीं नाखून जल्दी टूटने लगते हैं और उन पर सफेद धब्बे भी नजर आने लगते हैं। यह सब शरीर में पोषण की कमी का संकेत हो सकते हैं।
अगर आपको हर मौसम में सर्दी-जुकाम हो जाता है या किसी भी वायरस से जल्दी संक्रमित हो जाते हैं तो यह भी विटामिन C की कमी की वजह से हो सकता है। यह विटामिन शरीर की इम्यूनिटी यानी रोगों से लड़ने की क्षमता को मजबूत बनाता है। इसकी कमी से शरीर की सुरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है।
अगर शरीर में विटामिन C की कमी हो गई है तो इसे आसान तरीके से खाना-पीना बदलकर पूरा किया जा सकता है। इसके लिए आपको रोजाना कुछ खास फल और सब्जियां खाने की जरूरत होती है।
1. खट्टे फल खाएं- संतरा, मौसमी, नींबू, आंवला, कीवी और अमरूद जैसे फल विटामिन C से भरपूर होते हैं। इन्हें रोजाना खाने की आदत डालें।
2. सब्जियों में ध्यान दें- शिमला मिर्च, हरी मिर्च, टमाटर, पालक, ब्रोकली और पत्तागोभी जैसी सब्जियां भी अच्छी मात्रा में विटामिन C देती हैं। कोशिश करें कि इन्हें कच्चा या हल्का पकाकर खाएं।
3. आंवले का सेवन करे- आंवला सबसे अच्छा स्रोत है। आप इसे कच्चा खा सकते हैं, मुरब्बा बना सकते हैं या आंवला जूस पी सकते हैं।
Published on:
12 May 2025 05:02 pm
बड़ी खबरें
View Allस्वास्थ्य
ट्रेंडिंग
लाइफस्टाइल
