
हाई ब्लड प्रेशर चुपचाप आपके दिल को नुकसान पहुंचा सकता है- - प्रतीकात्मक तस्वीर (source- freepik)
WHO On Control High Blood Pressure: कई बार ऐसा होता है कि आप सालों तक अपना रोजमर्रा का काम बिल्कुल सामान्य तरीके से करते रहते हैं और आपको महसूस होता है कि आप पूरी तरह ठीक हैं। लेकिन इसी दौरान हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) चुपचाप अंदर ही अंदर आपके दिल पर भारी दबाव डाल सकता है, आपकी खून की नसों को नुकसान पहुंचा और आपकी किडनी को तनाव दे सकता है।
अच्छी बात यह है कि इससे बचना और इसे काबू में रखना पूरी तरह मुमकिन है। हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें बताया है कि इन 7 तरीकों को अपनाकर आप अपना ब्लड प्रेशर कंट्रोल कर सकते हैं।
अगर डॉक्टर ने आपको हाई ब्लड प्रेशर की दवा लिखी है, तो उसे समय पर लेना बहुत जरूरी है। अपनी मर्जी से दवा बंद न करें या खुराक न बदलें। जैसे डॉक्टर ने बताया है, ठीक वैसे ही नियमित रूप से अपनी दवाएं खाते रहें।
मेयो क्लिनिक के अनुसार, हाई ब्लड प्रेशर को काबू में रखने के लिए किसी भी रूप में तंबाकू (जैसे सिगरेट, बीड़ी या गुटका) का इस्तेमाल बिल्कुल बंद कर दें। इसके साथ ही, अगर आप शराब पीते हैं, तो उसकी मात्रा को तुरंत कम कर दें या बंद कर दें।
आपको दिनभर बैठे रहने की आदत छोड़नी होगी। रोज कम से कम 30 मिनट के लिए एक्टिव रहें, जैसे तेज चलना, हल्की एक्सरसाइज या योग करना। रोजाना की यह छोटी सी शुरुआत आपकी सेहत में बहुत बड़ा और अच्छा सुधार ला सकती है।
हाई ब्लड प्रेशर के लक्षणों का आसानी से पता नहीं चलता, इसलिए समय-समय पर डॉक्टर के पास जाकर या घर पर ही मशीन से अपना ब्लड प्रेशर नियमित जांचते रहें। इससे आपको पता रहेगा कि आपका बीपी कंट्रोल में है या नहीं।
अपने खाने में हरी सब्जियां, फल और पोषण से भरपूर चीजें शामिल करें। बाहर का तला-भुना खाना, पैकेट बंद चीजें और खराब फैट (सैचुरेटेड और ट्रांस फैट्स) जैसे डालडा या दोबारा गर्म किए तेल में बनी चीजों को खाने से पूरी तरह बचें।
ब्रिटिश हार्ट फाउंडेशन के अनुसार, हमें दिनभर में 6 ग्राम से ज्यादा नमक नहीं खाना चाहिए, जो कि लगभग एक छोटे चम्मच के बराबर होता है। खाने में नमक की मात्रा को कम करना बहुत जरूरी है। अगर आप साधारण नमक कम कर रहे हैं, तो उसकी जगह डॉक्टर की सलाह पर पोटैशियम से भरपूर नमक (Potassium-enriched salt) का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिससे शरीर में नमक की मात्रा को आसानी से घटाया जा सके।
ज्यादा मानसिक तनाव या चिंता भी ब्लड प्रेशर को तेजी से बढ़ाती है। इसलिए खुद को शांत रखने की कोशिश करें, भरपूर नींद लें, मेडिटेशन करें और उन कामों को करें जिससे आपका तनाव कम और मैनेज हो सके।
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
Published on:
29 Jun 2026 11:47 am
बड़ी खबरें
View Allस्वास्थ्य
ट्रेंडिंग
लाइफस्टाइल
