
मेनोपॉज के दौरान हॉट फ्लैश के कारण अचानक गर्मी और पसीने जैसी परेशानी हो सकती है- प्रतीकात्मक तस्वीर (Source- Chatgpt)
World Menopause Day 2026: जब अचानक रात के बीचों-बीच बदन से पसीने की धारा फूट पड़े, दिल की धड़कनें बिना किसी वजह के तेज होने लगें और रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम करने में भी दिमाग में कोहरा (Brain Fog) छाया सा महसूस हो, तो समझ लीजिए कि शरीर एक गहरा और प्राकृतिक बदलाव यानी मेनोपॉज के दौर से गुजर रहा है। यह केवल उम्र बढ़ने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह वह शारीरिक मोड़ है जहां एस्ट्रोजन (Oestrogen) हार्मोन का स्तर तेजी से गिरता है। अधिकांश महिलाओं के लिए यह चरण 45 से 55 की उम्र के बीच आता है, लेकिन इसके संकेत कई साल पहले ही पेरीमेनोपॉज (Perimenopause) के रूप में दस्तक देने लगते हैं।
इंटरनेशनल मेनोपॉज सोसाइटी के अनुसार, वर्ल्ड मेनोपॉज डे (World Menopause Day) हर साल 18 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसे इंटरनेशनल मेनोपॉज सोसाइटी (IMS) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा मिलकर शुरू किया गया था। इसका मुख्य मकसद महिलाओं में मेनोपॉज (मासिक धर्म बंद होने की उम्र) से जुड़ी शारीरिक और मानसिक दिक्कतों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि सही समय पर उन्हें डॉक्टर की सलाह, सही इलाज और समाज का सहयोग मिल सके। इस दिन हर साल एक खास थीम रखी जाती है, जिससे महिलाओं की सेहत, हड्डियों की मजबूती, दिल की देखभाल और मेनोपॉज के दौरान मिलने वाली सही डॉक्टरी मदद जैसे विषयों पर चर्चा की जा सके।
क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, यह पहचानना बेहद जरूरी है कि कौन से लक्षण सामान्य बदलाव का हिस्सा हैं और कब शरीर आपको डॉक्टर के पास जाने की गंभीर चेतावनी दे रहा है। नीचे दिए गए संकेतों को नज़रअंदाज करना खतरनाक हो सकता है;
1.असामान्य और भारी ब्लीडिंग (Heavy or Irregular Bleeding)- मासिक धर्म का बंद होना स्वाभाविक है, लेकिन यदि पीरियड्स के बीच में खून आना, बहुत भारी ब्लीडिंग होना या मेनोपॉज के 12 महीने पूरे होने के बाद अचानक फिर से ब्लीडिंग शुरू हो जाए, तो यह गंभीर समस्या (जैसे यूट्रस की लाइनिंग में बदलाव या कैंसर) का रेड फ्लैग हो सकता है।
2. गंभीर हृदय संबंधी चेतावनी (Cardiovascular Red Flags)- एस्ट्रोजन की कमी से महिलाओं का सुरक्षा कवच कमज़ोर होता है। यदि सीने में भारीपन, बांह या जबड़े में खिंचाव के साथ अचानक सांस फूलने लगे, तो इसे महज़ घबराहट या हॉट फ्लैश न समझें।
3. मूड और मानसिक स्वास्थ्य- यदि एंग्जायटी या डिप्रेशन रोजमर्रा के जीवन को पूरी तरह paralysed कर दे, खुद को नुकसान पहुंचाने के विचार आएं, तो तुरंत चिकित्सीय सहायता लें।
4. हड्डियों की कमज़ोरी (Osteoporosis Risk)- WHO के मुताबिक, मेनोपॉज के बाद हड्डियों का घनत्व (Bone Density) तेज़ी से गिरता है। मामूली झटके या गिरने पर यदि बार-बार फ्रैक्चर हो, तो यह हड्डियों के गंभीर रूप से कमज़ोर होने का संकेत है।
5. पेल्विक अंगों का खिसकना (Pelvic Organ Prolapse)- पेल्विक क्षेत्र की मांसपेशियां कमज़ोर होने से भारीपन या योनिमार्ग से कुछ बाहर महसूस होने की स्थिति को अनदेखा न करें।
Published on:
18 Oct 2026 08:27 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
