22 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आॅस्कर 2018: ओल्डमैन ने बेस्ट एक्टर, मैकडोरमैंड बेस्ट एक्ट्रेस का ऑस्कर जीता

मैकडोरमैंड ने 90वें एकेडमी अवॉर्ड्स में दो दशक से अधिक समय बाद ऑस्कर जीता है।

2 min read
Google source verification

image

Mahendra Yadav

Mar 05, 2018

Oscars 2018

Oscars 2018

ब्रिटिश अभिनेता गैरी ओल्डमैन ने फिल्म 'डार्केस्ट आवर' में पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री विस्टन चर्चिल का किरदार निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का ऑस्कर अवॉर्ड जीता है। वहीं अमेरिकी अभिनेत्री फ्रांसिस मैकडोरमैंड को फिल्म 'थ्री बिलबोर्ड्स आउटसाइड एबिंग, मिसौरी' में एक दुखी मां का किरदार निभाने के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का ऑस्कर अवॉर्ड दिया गया है।

मैकडोरमैंड (60) ने 90वें अकेडमी अवॉर्ड्स में दो दशक से अधिक समय बाद ऑस्कर जीता है। इससे पहले उन्होंने 1996 में फिल्म 'फार्गो' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अपना पहला ऑस्कर जीता था। 'थ्री बिलबोड्र्स आउटसाइड एबिंग, मिसौरी' में उन्होंने एक ऐसी मां मिल्ड्रेड हेयस का किरदार निभाया, जो अपनी बेटी के साथ हुए दुष्कर्म और उसकी हत्या से दुखी है। मैकडोरमैंड ने ऑस्कर ग्रहण करते हुए कहा, 'हमारे पास बताने के लिए कहानियां और प्रोजेक्ट हैं, जिन्हें फाइनेंस की जरूरत है।' जेनिफर लॉरेंस और जोडी फोस्टर ने मैकडोरमैंड को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री की ट्रॉफी दी।

वहीं, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार ग्रहण करते हुए ओल्डमैन ने कहा, 'मैं लंबे समय तक अमेरिका में रहा हूं और इसके प्यार के लिए, यहां मैंने जो दोस्त बनाए और इसने मुझे जो शानदार उपहार दिए, उसके लिए मैं तहे दिल से आभारी हूं। मेरा घर, मेरी आजीविका, मेरा परिवार और अब ऑस्कर। ओल्डमैन (59) ने अपनी 98 वर्षीय मां का भी आभार जताया।

जेम्स आइवरी आॅस्कर जीतने वाले सबसे उम्रदराज शख्स:

दिवंगत भारतीय अभिनेता शशि कपूर के साथ काम कर चुके फिल्मकार जेम्स आइवरी फिल्म 'कॉल मी बाई योर नेम' के लिए अपनी रुपांतरित पटकथा का ऑस्कर जीतकर 89 साल की उम्र में यह पुरस्कार जीतने वाले सबसे उम्रदराज शख्स बन गए हैं। यह फिल्म आंद्रे एसिमन की लिखी किताब 'कॉल मी बाई योर नेम पर आधारित है।

आइवरी इससे पहले 'अ रूम विद अ व्यू (1986), 'हॉवर्ड्स एंड' (1992) और 'द रिमेंस ऑफ द डे' (1993) के लिए निर्देशन में नामांकित हो चुके हैं। आइवरी ने पुरस्कार ग्रहण करते समय मर्चेंट आइवरी प्रोडक्शन के दिवंगत साझीदारों इस्माइल मर्चेंट और रुथ प्रावर झाबवाला का शुक्रिया अदा करने के साथ ही एसिमन का भी आभार जताया।