
MP By Election : अनोखे अंदाज में बीजेपी का चुनाव प्रचार, घोड़े पर बैठकर वोट मांगने पहुंचे सांसद
इंदौर/ मध्य प्रदेश में होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दल अपनी अपनी कमर कसकर मैदान में उतर आए हैं। एक तरफ जहां बीजेपी चुनाव में जीत के लिए चुनावी चौपाल लगाकर जनता से मिलाप कर रही है। वहीं, कांग्रेस घर घर जाकर लोगों से जनसंपर्क करने में जुटी हुई है। इसी बीच इंदौर की सांवेर विधानसभा सीट पर बीजेपी द्वारा किये जाने वाला प्रचार काफी चर्चा में आ रहा है। जहां प्रचार के लिए बीजेपी सांसद अन्य नेताओं के साथ घोड़े पर बैठकर लोगों से वोट मांगने पहुंचे। बीजेपी नेताओं का ये अलग अंदाज देखकर लोगों को काफी आश्चर्य हुआ, हर ओर बीजेपी नेताओं द्वारा किये गए इस तरह के अनोखे प्रचार की चर्चा की जा रही है।
मंत्री तुलसी सिलावट के लिए मांगे जा रहे वोट
बता दें कि, बीजेपी द्वारा सावेर सीट के अंतर्गत आने वाले खजूरिया गांव में चुनावी चौपाल लगाई जानी थी। चौपाल में पार्टी जिलाध्यक्ष और सांसद को भी शामिल होना था। जैसे ही दोनो नेता चौपाल स्थल पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोग उन्हें देखकर हैरान रह गए। बीजेपी जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर दू्ल्हा बनकर घोड़े पर बैठे दिखाई दिए तो सांसद शंकर लालवानी भी घोड़े पर सवार थे। इंदौर जिले की सांवेर विधानसभा सीट से बीजेपी ने जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट का नामांकन किया है। ये दोनो ही नेता तुलसी सिलावट के लिए अनोखे अंदाज में वोट मांगने पहुंचे थे।
कांग्रेस ने कहा- जनता खुद भाजपा की बारात लौटा देगी
वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस ने बीजेपी द्वारा कराए गए अनोखे प्रचार को ढोंग बताते हुए तंज कसा है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमीनुल खान सूरी ने कहा कि, जिस तरह से बीजेपी सांसद और जिलाध्यक्ष घोड़े पर सवार होकर चुनाव प्रचार पर निकले, उससे ये बात सच साबित हो रही है कि सरकार चुनाव लड़ेगी और जनता कोरोना से लड़ेगी। इंदौर में रोज 100 से ज्यादा कोरोना पॉजिटिव मरीज निकल रहे हैं, लेकिन बीजेपी सिर्फ सत्ता हासिल करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि, सांसद शंकर लालवानी, जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर और तुलसी सिलावट एक बात जान लें कि, वो कितना भी घोड़ी पर बैठकर सांवेर की जनता के पास चले जाइए, जनता उनकी बारात को लौटा देगी, क्योंकि वो जनता समझदार है।
Published on:
19 Jul 2020, 4:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.