
पातालपानी और बावनिया कुंड के बीच तैयार होगा साइकिल ट्रैक, ये सुविधाएं भी होगी
अनिल धारवा @ इंदौर. डॉ. आंबेडकर नगर (महू) तहसील में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए प्रशासन अब पर्यटन विभाग के साथ मिलकर पातालपानी और बावनिया कुंड के बीच पर्यटकों के लिए साइकिल ट्रैक तैयार कर रहा है। इससे पर्यटक यहां साइकलिंग के साथ ही प्राकृतिक नजारों का आनंद भी ले सकेंगे।
महू क्षेत्र में कई पर्यटन स्थल हैं, इन्हें जिला प्रशासन ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा देने का फैसला किया है। बारिश के मौसम में इस क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या अधिक रहती है। स्थानीय और आसपास के लोगों के अलावा दूर-दूर से पर्यटक यहां प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठाने आते हैं। ट्रैक बनने के बाद पर्यटक जब इस क्षेत्र में पातालपानी के झरनों का आनंद लेने पहुंचेंगे तो उन्हें बावनिया कुंड तक पहुंचने के लिए सस्ती दरों पर साइकिल भी उपलब्ध होगी।
महिलाओं का स्वयं सहायता समूह मुहैया कराएगा साइकिल
प्रशासन की योजना है कि क्षेत्र में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। इसके लिए उन्हें पे्ररित कर सरकार की योजनाओं के माध्यम से ऋण दिलवाकर साइकिल की खरीदी कराई जाएंगी। वे पर्यटकों को रियायत दरों पर किराए से साइकिल मुहैया कराएंगी, जिससे उन्हें आय होगी। मालूम हो, अभी पातालपानी-कालाकुंड ट्रैक पर रतलाम रेल मंडल हैरिटेज टे्रन चला रहा है। यह शनिवार और रविवार को चलती है, जो हमेशा फूल रहती है।
डॉक्टर से लेकर अन्य सुविधाएं भी होंगी
प्रशासन इंदौर टूरिज्म प्रमोशन काउसंलिग के माध्यम से यहां ट्रैक के दोनों हिस्सों पर स्वच्छता अभियान के तहत सुविधा घर भी विकसित करेगा। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम होंगे। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। ट्रैक के दोनों और स्थानीय रहवासी पर्यटकों के लिए स्वादिष्ट व्यंजन के स्टाल भी लगा सकेंगे।
साहसिक गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा
महू क्षेत्र में पर्यटन की दृष्टि से पाटतपानी, कालाकुंड, बामनिया कुंड, वांचु प्वाइंट, जानापाव, चोरल डैम, सीतलामाता फाल, कुशलगढ़, जामगेट, गोडकुंआ, तलेरिया और तिंछा फाल, कजलीगढ़ जैसे अनेक स्थान हैं। जहां मानसून के दौरान इंदौर और राज्य के अन्य हिस्सों से पर्यटक आते हैं। प्रशासन की योजना है, यहां साहसिक गतिविधियों का आयोजनों बढ़ावा देने की भी है।
Published on:
10 Aug 2019, 1:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.