
इंदौर. इंदौर में रविवार के दिन 10 अप्रैल को ट्रॉली बैग में मिली अधजली लाश के मामले में चौंका देने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों में से एक मृतक की पत्नी है तो दूसरा उसकी बेटी व दामाद। मृतक और आरोपी सभी मुंबई के रहने वाले हैं, आरोपी मुंबई से कार में लाश लेकर आए थे और खेत में लाकर जला दिया था। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो जल्द ही पुलिस के हाथ गुनहगारों तक पहुंच गए।
सही साबित हुआ पुलिस का शक
रविवार को जब ट्रॉली बैग में अधजली लाश मिली थी तभी पुलिस ने इस बात का अंदेशा जताया था कि लाश को कहीं और से चार पहिया वाहन में डालकर यहां पर लाकर जलाया गया है। इस आधार पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए जब टोल प्लाजा व सड़क पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पाया कि एक टाटा नैक्सन कार पहले एबी रोड पर महाराष्ट्र की ओर से आती हुई और फिर देर रात साढे़ तीन बजे मांगलिया टोल नाके से भोपाल की तरफ जाती हुई मिली। कैमरों की तलाश करते हुए पुलिस भोपाल के एमपी नगर स्थित सिग्नेटिक ब्लू होटल पर पहुंची। जहां कार मालिक उमेश शुक्ला निवासी आर-10 कल्याण महाराष्ट्र रुका हुआ था। पुलिस ने उमेश को पकड़कर पूछताछ की तो जो वारदात का खुलासा हो गया।
पत्नी ने की पति की हत्या
मृतक की शिनाख्त संपतलाल के तौर पर हुई है जो मूल रूप से कटनी के रहने वाले थे। वो पत्नी नम्रता के साथ मुंबई में रहते थे। मुंबई में ही उनकी बेटी व दामाद उमेश भी रहते थे। पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद उमेश ने बताया कि 9 अप्रैल को ससुर संपतलाल और सास राजकुमारी में झगड़ा हुआ था और इसी दौरान सास राजकुमारी ने पति के सिर पर मोगरी से वार किया था जिससे पति संपतलाल की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद घबराई पत्नी ने बेटी व दामाद को घटना की जानकारी दी जिसके बाद तीनों ने शव को एक ट्रॉली बैग में डाला और कार से मुंबई से करीब 600 किलोमीटर दूर इंदौर के पास सुनसान इलाके में खेत में पेट्रोल डालकर जला दिया था। शव को जलाने के बाद आरोपी भोपाल निकल गए थे। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
Updated on:
14 Apr 2022, 8:59 PM IST
Published on:
14 Apr 2022, 8:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.