
घर के परदे, फर्निचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित ससुर को भी ले गए चोर, फिर भी पुलिस कर रही ऐसा बर्ताव...
इंदौर. बजरंग नगर के एक घर में हुई चोरी की वारदात की रिपोर्ट लिखाने के लिए एक परिवार अब पुलिस अफसरों के चक्कर काट रहा है। बताया जाता है कि उनके घर से बदमाश सारा सामान चुरा कर ले गए। इसके सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास मौजूद हैं, लेकिन एक महीना होने को आया और अब तक कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। मजे की बात यह है कि फुटेज में महिला के ससुर भी दिखाई दे रहे हैं, वारदात के बाद से वे भी गायब हैं।
वारदात बजरंग नगर में रहने वाली रीटा गांगले के घर पर हुई थी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को वह और परिवार के दूसरे सदस्य काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान बदमाश घर पर आए और ताला तोड़ कर वहां से सारा सामान ले गए। बदमाश इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और दूसरा कीमती सामान तो चुरा कर ले ही गए, इसके साथ ही परदे जैसी छोटी-मोटी चीजें भी नहीं छोड़ी। उन्होंने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि कोई बड़ी गाड़ी में सामान भरकर ले गया है। उनके घर में कैमरे लगे हुए हैं।
बदमाशों ने एक कैमरा तो बंद कर दिया, लेकिन दूसरे कैमरे में कैद हो गए। फुटेज में करीबन 10 से 15 बदमाश उनके घर का सारा सामान निकालते और फिर गाड़ी में डालते हुए दिख रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में उनके ससुर भी वहां पर खड़े हुए दिख रहे हैं, जिनका उस वारदात के बाद से कुछ पता नहीं है।
जब इसकी शिकायत थाने पर की तो पुलिस ने फुटेज देखे और ससुर के वहां पर खड़े होने की बात पर इसे पारिवारिक विवाद बता दिया। रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। इस पर वह बड़े अफसर से मिलीं, लेकिन उन्होंने भी जांच करने का आश्वासन दिया है। अब एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र को उन्होंने शिकायत की है। इस पर सीएसपी को जांच सौंपी गई।
फुटेज में ससुर, वो भी लापता
रीटा के मुताबिक उनके ससुर फुटेज में दिख रहे हैं, लेकिन वारदात के बाद से ही उनका कुछ भी पता नहीं। अगर वह भी सामान लेकर गए हैं तो भी वारदात तो हुई है। पुलिस दूसरे पारिवारिक मामलों में भी रिपोर्ट दर्ज करती है, लेकिन इसमें टाल रही। उन्हें डर है कि परिवार के साथ कोई बड़ी वारदात हो सकती है। इसके चलते वह बच्चों को स्कूल भेजने में भी डरने लगी हैं।
Published on:
10 Aug 2019, 5:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.