
बीवी वापस देने के लिए सास ने सुना दिया ये फरमान, पति की गुहार- उसे चंगुल से छुड़वा दो, मेरी बेटी तड़प रही है...
मोहित पांचाल @ इंदौर. दो साल की बेटी को सोता छोड़ एक युवती बिना बताए अपने मायके चली गई। ढूंढ़ते हुए पति जब पहुंचा तो सास ने ऐसी शर्त रख दी, जिससे उसकी जमीन हिल गई। उसने कहा कि वह धर्म परिवर्तन कर ले तो भेजूंगी। पीडि़त युवक ने अब कलेक्टर से मदद की गुहार लगाई है।
ये मदद 1344 द्वारकापुरी में रहने वाले दीपक पिता सुरेश घटोले ने कलेक्टर से मांगी है। उसका कहना है कि 17 जून, 2016 को प्रियंका उर्फ शहनाज के साथ आर्य समाज मंदिर औरंगाबाद (महाराष्ट्र) में उसका विवाह हुआ था। 28 जुलाई, 2017 को एक बेटी हुई। कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक चला, लेकिन 2 जुलाई को प्रियंका मुझे व बेटी पीहू को सोता छोड़ चली गई। मैंने जब तलाश शुरू की तो पता चला कि वह अपनी मां के घर कबूतरखाना में है। मैं जब लेने पहुंचा तो उसकी मां रुकैया बी व उसकी बहनें मेरे साथ मारपीट कर भगाने लगे। उनका कहना है कि तू पहले अपना धर्म बदल, तब हम तेरी पत्नी को भेजेंगे। मैंने जब कहा कि बच्ची अपनी मां के लिए रो रही है, तब भी उनका दिल नहीं पसीजा। मुझे पत्नी से मिलने नहीं दिया गया।
उसे सास के चंगुल से छुड़वाओ
दीपक ने बताया कि उनकी दो साल की बेटी मां के लिए रात भर रो रही है। रात को उठ-उठकर बैठ जाती है और मां को याद करती है। उसे अपनी मां नहीं मिली, तो भविष्य खराब हो जाएगा। मैं उसे मां के पास नहीं छोडऩा चाहता हूं, क्योंकि वहां माहौल ठीक नहीं है। मेरी बच्ची का भविष्य खराब हो जाएगा। मेरी पत्नी को सास के चंगुल से छुड़वाकर मेरी बच्ची को न्याय दिलाया जाए। दीपक ने यहां तक कहा कि मेरी पत्नी भी आना चाहती होगी, लेकिन उसे दबाकर रखा होगा।
Published on:
8 Aug 2019, 1:46 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.