
अहिल्या नगरी से अयोध्या तक बस चलाई जा रही हैं जिनका किराया बहुत कम
रामलला के दर्शन के लिए हर कोई अयोध्या जाने के लिए बेताब है। 22 जनवरी को अयोध्या के राम मंदिर में प्राणप्रतिष्ठा समारोह शुरु हो रहा है। इस कार्यक्रम और इसके बाद भी लाखों भक्तों के अयोध्या जाने की उम्मीद है। हालांकि अयोध्या जाने के लिए लोगों को किराए के रूप में खासी रकम चुकानी होगी जिससे राहत देने के लिए अहिल्या नगरी इंदौर में जोरदार पहल की जा रही है।
अहिल्या नगरी से अयोध्या तक बस चलाई जा रही हैं जिनका किराया बहुत कम होगा। एआइसीटीएसएल अन्य धार्मिक नगरियों से भी इंदौर को जोड़ेगी।
इंदौर से अब देशभर के धार्मिक शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू की जाएगी। इसमें अयोध्या, बनारस, महाकालेश्वर व ओंकारेश्वर को शामिल किया है।
खास बात यह है कि राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा तक अयोध्या के लिए इंदौर से बस शुरू कर दी जाए, यह प्रयास किया जा रहा है। दरअसल एआइसीटीएसएल धार्मिक नगरियों को सड़क मार्ग से इंदौर को जोड़ने पर काम कर रहा है। बस सेवा संचालन पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मुहर लगा दी है।
इंदौर से अयोध्या और काशी के लिए लग्जरी और सस्ती एसी बसें शुरू की जाएंगी। बस ऑपरेटर्स से टेंडर बुलाए हैं। अयोध्या, काशी सहित प्रदेश के बाहर आठ व प्रदेश के 6 शहरों के रूट पर बसें शुरू करने की योजना के तहत 14 रूट बनाए गए हैं।
22 जनवरी तक बस शुरू करने का प्रयास
महापौर भार्गव ने बताया, 15 अगस्त को इंदौर से अयोध्या बस संचालन की घोषणा की थी। एआइसीटीएसएल के माध्यम से काम हो रहा है। अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व बस संचालन शुरू कर दिया जाएगा। योजना है इंदौर को काशी, मथुरा जैसी अन्य धार्मिक नगरियों से जोड़ा जाए।
Published on:
24 Dec 2023, 12:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.