
मौसम विभाग ने जो अलर्ट जारी किया है उसमें बारिश को लेकर राहत
एमपी में मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। कभी धूप खिल रही है तो कभी बादल छा रहे हैं। राजधानी भोपाल के भी यही हाल हैं। शनिवार को शहर का पारा एकाएक गरम हो गया और एक दिन में दिन का तापमान साढ़े चार डिग्री बढ़ गया। अगले कुछ दिनों में भी पारा में उतार-चढ़ाव का अनुमान लगाया जा रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने जो अलर्ट जारी किया है उसमें बारिश को लेकर राहत की बात सामने आई है।
भोपाल में उतार चढ़ाव वाली सर्दी का दौर चल रहा है। पिछले दो तीन दिनों से सर्दी में थोड़ी कमी आई है। अधिकतम- और न्यूनतम तापमान में उतार चढ़ाव हो रहा है। शनिवार को तेज धूप खिली तो अधिकतम तापमान एक दिन में ही 4.6 डिग्री बढ़ गया, वहीं न्यूनतम तापमान में एक डिग्री से अधिक की गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा का रूख बदने से यह स्थिति बनी है। आगे भी कुछ दिन मौसम का यह दौर जारी रहेगा यानि फिलहाल, सर्दी का ऐसा दौर जारी रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ पीके साहा का कहना है कि फिलहाल मौसम इसी तरह बना रहेगा। सर्दी का दौर जारी रहेगा हालांकि तापमान में कभी गिरावट तो कभी हल्की बढ़ोतरी का सिलसिला चलता रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा का रूख उत्तरी होता है तो न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
सबसे खास बात यह है कि अगले दो दिनों तक राज्य में अधिकांश जगहों पर मौसम साफ बना रहने का अनुमान है। फिलहाल बारिश होने की संभावना नहीं है हालांकि बादल छाए रह सकते हैं।
Published on:
24 Dec 2023, 9:06 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.