
1 जनवरी शुरु होते ही बदल जाएंगे टोल प्लाजा के नियम, लागू होगा फास्टैग सिस्टम
इंदौर। नेशनल हाईवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने देशभर के टोल प्लाजा पर एक जनवरी से पूरी तरह फास्टैग सिस्टम पर आधारित टोल टैक्स कलेक्शन व्यवस्था शुरू कर देगी। मध्य प्रदेश के इंदौर-देवास हाईवे के बायपास और मांगलिया टोल प्लाजा पर भी इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रेश के इन दोनो दोनों टोल प्लाजा पर फिलहाल आवाजाही वाले वाहनों के लिए एक-एक लेन पर नकद टोल टैक्स की व्यवस्था है, जिसे 31 दिसंबर की रात 12 बजे पूरी तरह बंद करते हुए सिर्फ फास्टैग आधारित सिस्टम से ही टोल टैक्स देने की व्यवस्था रहेगी।
देखें खबर से संबंधित वीडियो...
कुछ दिन आएगी लोगों को परेशानी
दोनों ही टोल प्लाजा को चलाने वाली इंदौर-देवास टोलवेज कंपनी ने टोल की नकद लेनदेन वाली लेन पर भी फास्टैग रीडर (सेंसर) लगाए जा चुके हैं। साथ ही, इनका ट्रायल भी लिया जा चुका है। कंपनी के टीम लीडर अजय पांडे के मुताबिक, फास्टैग सिस्टम पर आधारित ये व्यवस्था पूरी तरह गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 12 बजे से लागू कर दी जाएगी। एनएचएआई मुख्यालय ने साफ निर्देश जारी किये हैं कि, जिस वाहन में फास्टैग नहीं लगा हो, उनके चालकों से हाथोहाथ निवेदन कर वाहनों में फास्टैग लगवाया जाएगा। कोई भी वाहन बिना फास्टैग के टोल प्लाजा से गुजर नहीं सकेगी। टीम लीडर के मुताबिक, ऐसे में विवाद की स्थिति भी बन सकती है, जिसके निराकरण के लिये एनएचएआई प्रबंधन से पुलिस व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है। उन्होंने बताया कि, ये परेशानी कुछ दिन ही रहेगी, जब लोगों को इस नियम की गंभीरता समझ आएगी तो सब सही हो जाएगा।
बढ़ी फास्टैग की खरीदी
कंपनी के अधिकारी ने बताया कि, बीते दो-तीन दिन से फास्टैग की खरीदी में तेजी से इजाफा हुआ है। 31 दिसंबर को नकद टोल टैक्स देने का आखिरी दिन है, इसलिए जिनके वाहनों में फास्टैग नहीं हैं, वे फास्टैग खरीद रहे हैं। बैंकों और मोबाइल फोन कंपनियों ने दोनों टोल प्लाजा पर फास्टैग बेचने के लिए काउंटर लगा लिये हैं।
Published on:
31 Dec 2020, 4:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.