
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीज़न की शुरुआत 9 अप्रेल से होगी और 30 मई तक ipl 2021 के मैच चलेंगे। मैच में अच्छा प्रदर्शन और जीत हासिल
करने के लिए टीमों ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है। महेन्द्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली टीम चेन्नई सुपर किंग्स भी चेन्नई में प्रैक्टिस कैंप में तैयारी कर रही है। बुधवार को यहां एक प्रैक्टिस मैच खेला गया। इस प्रैक्टिस मैच के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का एक युवा खिलाड़ी सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है। इस खिलाड़ी का नाम हरिशंकर रेड्डी है। हरिशंकर एक तेज गेंदबाज हैं और प्रैक्टिस मैच में हरिशंकर ने कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी को बोल्ड कर दिया।
मात्र 20 लाख रुपए में शामिल हुए टीम में
तेज गेंदबाज हरिशंकर रेड्डी आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले के निवासी हैं। इस बार आईपीएल की निलामी में हरिशंकर मात्र 20 लाख रुपए में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में शामिल हुए। प्रैक्टिस मैच के बाद हरिशंकर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। धोनी भी इनकी तेज गेंदबाजी का सामना नहीं कर सके और क्लिन बोल्ड हो गए। इसी वजह से हरिशंकर सुर्खियों में आ गए हैं।
वीडियो हो रहा वायरल
चेन्नई सुपर किंग्स के प्रैक्टिस मैच का वीडियो वायरल हो रहा है,जिसमें हरिशंकर कप्तान धोनी को बोल्ड करते दिख रहे हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि कैसे हरिशंकर रेड्डी छोटा रनअप लेकर आ रहे हैं और धोनी को गेंदबाजी करते हैं। हरिशंकर रेड्डी की तेज बॉल को धोनी समझ नहीं पाए और उनका लेग स्टंप उखड़ गया।
हरिशंकर का खेल रिकॉर्ड
हरिशंकर राइट हैंड फास्ट बॉलर हैं और आंध्र प्रदेश के लिए विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेल चुके हैं। हरिशंकर ने 13 टी 20 मैच खेले हैं, जिनमें उन्होंने कुल 19 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने 5 ए लिस्ट मैचों में 8 विकेट लिए हैं।
टेनिस बॉल से खेलते हुए ऐसे बदली किस्मत
हरिशंकर रेड्डी पहले टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलते थे। 14 साल की उम्र तक उन्होंने टेनिस बॉल से ही क्रिकेट खेला। एक दिन हरिशंकर के दोस्त उन्हें ट्रायल के लिए ले गए और उनकी किस्मत बदल गई। ट्रायल में हरिशंकर की तेज गेंदबाजी ने सभी लोगों को प्रभावित कर दिया। इसके बाद वे आंध्र प्रदेश के लिए खेलने लगे। अब इस बार वे आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे।
आइए जानें— IPL 2021 Full Schedule and Fixtures
Published on:
18 Mar 2021, 11:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.