नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 का आगाज होने में अब कुछ दिन ही बचे हैं। सभी टीमों के खिलाड़ी अपने प्रैक्टिस कैंप से जुड़ गए हैं और मैदान में जमकर पसीना बहा रहे हैं। अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करने के कारण जो खिलाड़ी अपनी आईपीएल टीम में शामिल नहीं हुए थे वह भी अब टीम से जुड़ गए हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर आ रही है कि पाकिस्तान के खिलाफ जारी वनडे सीरीज को छोड़कर दक्षिण अफ्रीका के पांच खिलाड़ी आईपीएल खेलने के लिए भारत रवाना हो गए हैं। हम बात कर रहे हैं दक्षिण अफ्रीका के धुरंधर क्विंटन डिकॉक, लुंगी एनगिडी, डेविड मिलर, एनरिक नोर्त्जे और कगिसो रबाडा की। ये सभी आईपीएल के 14वें सीजन के लिए सोमवार को भारत पहुंच रहे है।
खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने से रोक नहीं सकते
इस बारे में बात करते हुए दक्षिणी अफ्रीका के कोच मार्क बाउचर का कहना है कि हमने अपने खिलाड़ियों के आईपीएल 2021 में खेलने को लेकर बीसीसीआई के साथ एक समझौता किया। उसी के अनुरूप हम अपने खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने से रोक नहीं सकते। इन पांचों खिलाड़ियों को भारत जाकर आईपीएल में हिस्सा लेना होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आईपीएल खेलने से उनको आगामी टी-20 विश्व कप में फायदा मिलेगा। इस दौरान उनको भारतीय पिचों को ठीक से समझने का भी एक बेहतरीन मौका है। बता दें कि इसी साल अक्टूबर में टी-20 विश्व कप शुरू होने जा रहा है। लिहाजा आईपीएल 2021 में खेलने वाले खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप में फायदा मिलेगा।