
neta
जबलपुर। नगर निगम चुनाव में महापौर के लिए आरक्षण होने के बाद जबलपुर में भी राजनीतिक परिदृश्य बदल गया है। महापौर पद सामान्य होने के बाद दावेदारों ने अपनी दावेदारी शुरू कर दी है। सभी दावेदार अपने राजनीतिक सेवाकाल सहित अन्य विशेषताओं के आधार पर दावेदारी कर रहे हैं। कांग्रेस-भारतीय जनता पार्टी में दावेदार सक्रिय हो गए हैं और कुछ नेताओं ने तो भोपाल की दौड़ लगानी भी शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के साथ ही कांग्रेस में भी दावेदारों की लम्बी लिस्ट है। इनमें से कई के समर्थकों व नेताओं ने स्वयं भी आरक्षण होने के बाद दोपहर बाद से ही सोशल मीडिया में अपनी दावेदारी शुरू कर दी है। नगर निगम में वार्ड आरक्षण के बाद महापौर आरक्षण को लेकर लम्बे समय से दावेदारों को इंतजार था। बुधवार को इंतजार समाप्त हुआ। नगर निगम में इस बार महापौर का पद अनारक्षित हो गया है। पिछले चुनाव में यह पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। जिसके बाद दावेदारों ने अपनी दावेदारी शुरू कर दी है।
भाजपा में भी दावेदारों की लम्बी लिस्ट
भाजपा में महापौर पद की दावेदारी में पूर्व महापौर, नेता प्रतिपक्ष, पार्षद व एमआईसी सदस्य जैसे दावेदार भी दौड़ में हैं। आरक्षण के बाद दावेदारी भी शुरू हो गई है। इनमें पूर्व महापौर सदानंद गोडबोले, समाजिक कार्यो में सक्रिय संघ से जुड़े हुए डॉ. जितेन्द्र जामदार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष आशीष गोंटिया, कमलेश अग्रवाल, पवन तिवारी, संदीप जैन, डॉ. विनोद मिश्रा, शशिकांत शुक्ला सहित अन्य दावेदार हैं वहीं पूर्व मंत्री व विधायक हरेन्द्र जीत सिंह बब्बू भी दावेदारी कर रहे हैं।
कांग्रेस में इन नामों पर चर्चा
कांग्रेस में भी उम्मीदवारों की लम्बी चौड़ी लिस्ट है। इनमें से कई संगठन पर अपनी मजबूत पकड़ के साथ दावेदारी कर रहे हैं तो कुछ सोशल मीडिया में सक्रिय हो गए हैं। कांग्रेस में जिन नामों की चर्चा है उनमें जगत बहादुर सिंह अन्नू, गौरव भनोत, कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सौरभ नाटी शर्मा, युवक कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शशांक दुबे, केवल कृष्ण आहूजा सहित अन्य दावेदारों के नाम भी शामिल है।
Published on:
10 Dec 2020 09:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
