
helmet and seat belt
जबलपुर. अन्य दिनों की तरह बुधवार को भी छोटी लाइन-आजाद चौक रोड पर ट्रैफिक गुजर रहा था। बुधवार सुबह 10 बजे इस रोड से जुड़ने वाले सभी मार्गों पर एक-एक पुलिस जवान तैनात हो गया। 11 बजे बेरिकेडिंग कर बिना हेलमेट पहले दोपहिया चालकों और बगैर सीट बेल्ट लगाए चार पहिया चालकों को इस रोड पर प्रवेश नहीं करने दिया। इस नई व्यवस्था को देखकर पहले लोग अचरज में पड़ गए। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बताया कि यह रोड भी जीरो टॉलरेंस जोन होगी। हालांकि पहले दिन वाहन चालकों को समझाइश दी गई।
एक और सड़क जीरो टॉलरेंस जोन घोषित
पहले दिन वाहन चालकों को दी समझाइश
दो दिन बाद होगी चालानी कार्रवाई
छोटी लाइन-आजाद चौक सड़क पर बिना हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं मिला प्रवेश
मार्ग की स्थिति
छोटी लाइन फाटक-आजाद चौक तक सुबह से शाम तक ट्रैफिक रहता है। पीक अवर्स और स्कूल-कॉलेज छूटते समय जाम लग जाता है। सड़क के दोनों ओर दुकान संचालकों के वाहन पार्क होते हैं। देर रात तक 20-25 हजार वाहन गुजरते है। इनमें से 90 प्रतिशत लोग न तो दोपहिया चलाते वक्त हेलमेट का उपयोग करते हैं और न ही कार चलाते वक्त सीट बेल्ट का।
इसलिए इस मार्ग को चुना
यह शहर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। यह मार्ग सीधा है, दोनो ओर चेक प्वॉइंट लगाए जा सकते हैं। सड़क की लम्बाई भी कम है। पहले दिन यहां गोरखपुर थाने से आठ, पुलिस लाइंस से 12 और ट्रैफिक थाना गढ़ा के 10 अधिकारियों और जवानों को तैनात किया गया। बताया गया कि दो-तीन दिन बाद यहां भी चालानी कार्रवाई होगी।
पहले इन्हें घोषित किया था
●पेंटीनाका चौक-गणेश चौक
●इलाहाबाद बैंक चौराहा से चुंगीनाका जीसीएफ तक
पेंटीनाका से गणेश चौक और इलाहाबाद बैंक चौराहा से चुंगीनाका जीसीएफ के बाद गोरखपुर से आजाद चौक तक की सड़क को जीरो टॉलरेंस जोन बनाया गया है। यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य है।
आदित्य प्रताप सिंह, एसपी
Published on:
11 Jan 2024 02:40 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
