
Patrika
जबलपुर। शहर में मंगलवार की रात से टिपटिप बरस रहे बादल रुक-रुक कर बुधवार की भोर तक बरसे। देर रात भी राहत की बौछार पड़ी। बुधवार को सुबह सुकून देने वाली रही। शीतल हवा से मौसम खुशनुमा रहा। इसके बाद हल्के बादल पूरे दिन आसमान में डेरा डाले रहे। दिन में कुछ पल की छिटपुट की बारिश हुई। हवा में नमी से दिन में गर्मी से राहत रही। लेकिन बारिश थमने से गर्मी से राहत शाम होते तक छिन गई। उमस बढऩे लगी। रात को हल्की चिपचिपी गर्मी का अहसास हुआ।
सामान्य के बराबर आया पारा- शहर में बूंदाबांदी और बादलों के मंडराने से पारा नीचे आया। बुधवार को अधिकतम तापमान कम होकर 30.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों स्तर पर तापमान सामान्य के बराबर बना रहा।
आद्र्रता सुबह के समय 90 प्रतिशत और शाम को 77 प्रतिशत थी। पश्चिमी हवा 5 किमी प्रतिघंटा की गति से चली। मंगलवार की रात से बुधवार की शाम 5.30 बजे तक 10.9 मिमी वर्षा रेकॉर्ड हुई है। शहर में सीजन में अभी तक कुल वर्षा 222.3 मिमी हुई है।
आज से नए सिस्टम से बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र में वैज्ञानिक सहायक देवेंद्र कुमार तिवारी के अनुसार मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, करनाल, सुल्तानपुर, जमशेदपुर, चांदबेली होते हुए पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी तक है। दक्षिणी गुजरात के ऊपर चक्रवात है। पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में गुरुवार को एक कम दबाव का क्षेत्र विकसित होने की संभावना बनी हुई है। इसका शहर और संभाग के मौसम पर पड़ेगा। मानूसनी गतिविधियों को बढ़ावा मिलने का अनुमान है। गुरुवार को सामान्य से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।
Published on:
22 Jul 2021 10:42 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
