
kavita choudhary murder case, मृतका कविता चौधरी की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)
Jabalpur Kavita Chaudhary Murder Case: मध्यप्रदेश के जबलपुर में हुए कविता चौधरी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई खुलासे हुए हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि कविता के पति प्रयास पांडे ने 2 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। इतना ही नहीं कविता की मौत के बाद पति प्रयास पांडे ने फोन पे के जरिए ऑनलाइन 45 हजार रुपये आरोपी के रिश्तेदार के अकाउंट में ट्रांसफर भी किए थे। सुपारी लेकर हत्या करने वाले तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं, जबकि हत्या की साजिश रचने वाला पति प्रयास पांडे और उसका दोस्त मानसिंह लोधी अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
नुनसर चौकी प्रभारी राजेश धुर्वे ने बताया कि मामला सामने आने के बाद से आरोपी पति प्रयास पांडे और उसके साथी मान सिंह लोधी फरार हैं। दोनों आरोपियों का फोन बंद है, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने उनके घरों और ठिकानों पर छापामारी की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं। बताया गया है कि आरोपी पति प्रयास पांडे काफी शातिर है और उसने पुलिस से बचने के लिए कभी भी आरोपियों से फोन पर बातचीत नहीं की इसका खुलासा आरोपियों से पूछताछ में हुआ है।
जबलपुर के पाटन में रहने वाली 24 वर्षीय कविता चौधरी दो महीने की गर्भवती थी, वो एलआईसी में काम करती थी। 4 सितंबर 2026 को अपनी एक्टिवा से जबलपुर की ओर जा रही थी। तभी रास्ते में एक लोडिंग वाहन ने उसे टक्कर मार दी, लोडिंग वाहन का पहिया कविता के सिर से गुजरा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआत में घटना एक्सीडेंट नजर आ रही थी, लेकिन बाद में पुलिस की जांच में मामला सोची समझी प्लानिंग के तहत की गई हत्या का निकला।
कविता नरसिंहपुर जिले की रहने वाली थी, उसकी पहचान साल 2022 में पाटन के रहने वाले प्रयास पांडे से हुई थी। प्रयास स्टाम्प वेंडर है, दोनों में प्यार हुआ और फिर साल 2024 में उन्होंने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद पति प्रयास को पता चला कि कविता का इंश्योरेंस हैं और अगर सड़क हादसे में कविता की मौत होती है तो उसे लाखों रुपये मिलेंगे। इसके बाद प्रयास के मन में लालच आया और उसने पत्नी कविता की हत्या की साजिश रच डाली। दावा किया जा रहा है कि कविता की मौत पर इंश्योरेंस के 70 लाख रुपये मिलने थे, हालांकि इसकी अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
पति प्रयास अपने करीबी मान सिंह लोधी को पत्नी के इंश्योरेंस से मिलने वाले लाखों रुपये के बारे में बताया। इसके बाद दोनों ने मिलकर कविता की हत्या की प्लानिंग की। पाटन के चौधरी मोहल्ला में रहने वाले रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी को 5 लाख रुपये में कविता की हत्या की सुपारी दी। प्लानिंग के तहत तीनों आरोपियों ने एक लोडिंग वाहन 11 महीने के लिए एग्रीमेंट पर लिया। 4 सितंबर को जब कविता एक्टिवा लेकर घर से निकली तो रास्ते में प्रयास और मानसिंह ने आरोपियों को लोकेशन बताकर वारदात को अंजाम देने के लिए कहा। आरोपियों ने लोडिंग वाहन से पहले एक्टिवा को टक्कर मारी और फिर जानबूझकर कविता के सिर के ऊपर से वाहन चढ़ा दिया था और फरार हो गए थे। पुलिस ने सुपारी लेने वाले तीनों आरोपियों रामजी चौधरी, धनीराम चौधरी और विक्रम चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि आरोपी पति प्रयास पांडे व उसका दोस्त मानसिंह अभी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
Updated on:
03 Oct 2026 08:44 pm
Published on:
03 Oct 2026 08:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
