
IPL betting played
जबलपुर। आईपीएल का जैसे-जैसे खुमार बढ़ रहा है, सट्टा भी तेजी से फैलता जा रहा है। आलम ये है कि घर के बाद अब लोग कार व मोबाइल पर भी सट्टा खिला रहे हैं। शुक्रवार देर रात कोतवाली में आईपीएल सट्टा पकड़े जाने के अलावा गढ़ा व केंट में भी दो आरोपियों को दबोचा गया। पुलिस ने कुल 8500 रुपए सहित कार, 19 मोबाइल, एक लैपटॉप, एलसीडी, पेन ड्राइव जब्त किया। सभी के खिलाफ 4 क सट्टा एक्ट की कार्रवाई की।
सीएसपी कोतवाली दीपक मिश्रा ने बताया कि सटोरिया शुक्रवार रात को श्रद्धा कॉलोनी से दबोचा गया सटोरिया नितेश राव किराए से कमरा लिया था। उक्त मकान आशा पांडे का है। वह ऑनलाइन सट्टा खिलवाते हुए पैसों का ट्रांजेक्शन भी ऑनलाइन खातों में करता था। इन खातों के आधार पर अन्य लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है। चेन्नई सुपर किंग्स और हैदराबाद के बीच हुए मुकाबले पर नितेश राव के पास जब्त डायरी में लाखों के दांव लगाने की जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है। टीम ने उसके पास से 13 मोबाइल, लैपटॉप, एलईडी टीवी, सेटअप बॉक्स, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, 6300 रुपए आदि जब्त किए थे।
कार में बैठकर खिला रहा था सट्टा-
गढ़ा टीआई राकेश तिवारी की टीम ने कृपाल चौक के पास दबिश देकर कार एमपी 20 सीए 0332 में सवार न्यू शास्त्री नगर निवासी गोपाल द्विवेदी को दबोचा। उसके पास से एक रजिस्टर में आईपीएल मैच के सट्टा का हिसाब मिला। उसके पास से चार मोबाइल, एक पेज कागज, नकदी 670 रुपए सहित कार जब्त किया। वह कार में बैठकर मोबाइल पर दांव लगवा रहा था। वहीं केंट पुलिस ने गली नम्बर एक में लाल स्कूल के पास शुक्रवार रात को दबिश दी। मौके से नितिन उर्फ गुड्डा को दबोचा। वह घर के बाहर मोबाइल पर सट्टा खिलवा रहा था। उसके पास से दो मोबाइल, और 1530 रुपए नकद जब्त किए।
उधर, चार जुआरी व एक सटोरिया से दस हजार रुपए जब्त
गोहलपुर व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात को अमखेरा में दबिश देकर एक सटोरिया को दबोचा। उसके पास से दो सट्टा-पट्टी और 8220 रुपए जब्त किए। पुलिस के अनुसार गिरफ्त में आया सटोरिया वहीं का चिंटू उर्फ शुभम चौधरी है। वह घर से ही सटï्टा खिलवा रहा था। वहीं केंट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोदीबाड़ा में दबिश दी। मौके से कैलाश चंद कुशवाहा, दीपक रजक, संजय रैकवार, विकास गुप्ता को दबोचा। चारों के पास से 2460 रुपए जब्त किए। उनके खिलाफ 13 जुआ एक्ट की कार्रवाई की गई।
Published on:
04 Oct 2020 12:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
