10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

weather report: कब लगेगी बारिश झड़ी, कैसा रहेगा मानसून, जानिए वैज्ञानिकों का मत

एमपी में चार दिन पहले हो सकती है मानसून की दस्तक
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जबलपुर

•

image

Prem Shankar Tiwari

•

Updated: 18 May 2018, 9:45 PM IST

latest monsoon forecast in india

एमपी में चार दिन पहले हो सकती है मानसून की दस्तक

जबलपुर।मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश के मौसम में अनिश्चितता का माहौल है। जेठ की दोपहरी वाली वह खुली तपन गायब है। बादलों के डेरों के कारण बढ़ रही उमस लोगों को बेचैन कर रही है। वहीं अंधड़ के साथ बारिश की बूंदें मन में सवाल भी पैदा कर रही हैं कि इस बार मानसून कैसा रहेगा। झमाझम बारिश आखिर कितना साथ निभाएगी? खासकर किसानों को बारिश की पहली खेप का इंतजार है, जो खेतों को खरीफ की फसलों की बुआई के लिए नमी प्रदान करेगी। हालांकि मौसम विशेषज्ञ इस मामले खुशनुमा पूर्वानुमान जाहिर कर रहे हैं। मौसम विदों का मानना है कि इस बार केरल में 29 मई से 1 जून के बीच मानसून सक्रिय हो सकता है। इस लिहाल से इस बार प्रदेश में मानसून की गाड़ी समय से चार दिन पहले आ सकती है। वर्षा ऋतु में पर्याप्त औसत बारिश का भी पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है।

10 जून तक दस्तक
मौसम विद आरके तिवारी के अनुसार भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि इस बार मध्य प्रदेश में मानसून की दस्तक निर्धारित समय यानी 15 जून से तीन या चार दिन पहले हो सकती है। बताया गया है कि अंडमान निकोबार में 20 मई तक मानसून सक्रिय होने का पूर्वानुमान है। ऐसा हुआ तो जबलपुर में 8 से 10 जून तक मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। मौसम विदों के 29 मई से एक जून के बीच मानसूनी घटाएं केरल को तर कर सकती हैं। हालांकि पूर्वानुमान के चार दिन आगे-पीछे मानसून की दस्तक होती रही है, लेकिन यह तय है कि इस बार औसत रूप से सामान्य यानी अच्छी बारिश के आसार हैं। उल्लेखनीय है कि मप्र में सामान्य तौर पर छग से लगे मध्य प्रदेश अंचल में मानसूनी मेघ सबसे पहले यानी 10 जून के आसपास आते हैं। पांच दिनों में ये घटाएं पूरे प्रदेश में फैल जाती हैं। केरल मे मानसून पहुंचने के बाद मप्र में पहुंचने में करीब 9 से10 दिन का समय लगता है। जबलपुर में मानसून 12 से 13 जून के बीच में आ सकता है।

पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी
मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार वर्तमान में राजस्थान और पश्चिम की ओर से आ रही हवाएं मध्य प्रदेश में प्रभावी हैं। इस वजह से पश्चिमी विक्षोभ बढ़ा है। आसमान में द्रोणिका का निर्माण हो गया है। चक्रवाती हवाओं के घेरे की वजह से ही बार-बार बादल हो रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती घेरे के कारण ही अंधड़ के साथ जहां तहां बूंदाबांदी हो रही है। माहौल में नमी बढ़ है, जिसकी वजह से उमस परेशान कर रही है। हालांकि विक्षोभ का असर धीरे धीरे कम हो रहा है। जल्द ही मौसम साफ हो जाएगा। सूरज का तीखा पन और बढ़ सकता है। मौसम विभाग भोपाल के वैज्ञानिक डॉ. जेडी मिश्रा ने बताया कि आगामी सप्ताह में पश्चिमी मप्र के जिलों में तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। पूर्वी मप्र में भी कमोबेश यही स्थिति रह सकती है।


क्या कहते हैं ज्योतिषी
ज्योतिषाचार्य जनार्दन शुक्ल के अनुसार ज्येष्ठ कृष्ण चतुर्थी को ग्रहों की स्थिति बदल रही है। 16 मई से शुरू हो रहे पुरुषोत्तम माह के आखिरी दौर में अत्यधिक वर्षा और आंधी- तूफान का योग बन रहा है। श्रवण नक्षत्र में मंगल , मृगसिरा के बुद्ध और शनि की मकर राशि में मंगल और केतु होने से मौसम का असंतुलन बनने की संभावना है। इसमें ज्यादा वर्षा का योग बन रहा है। वहीं ज्योतिर्विद डॉ. सत्येन्द्र स्वरूप शास्त्री के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू होगी। सूरज के तपने की वजह से भीषण गर्मी की संभावना है। जबकि, नौतपा के ठीक बाद मानसून आने की संभावना बन रही है।