ये समस्या सिर्फ भीषण गर्मी के कारण ही उत्पन्नन नहीं हुई है। बल्कि, जबलपुर के बरगी विधानसभा इलाके के जनपद शहपुरा और जनपद जबलपुर में आने वाले सैकड़ों गांव बीते कई वर्षों से पीने के पानी के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। इस इलाके के चिरापौंडी, नवीन देवरी, दुर्गा नगर, तिन्हेंटा सहित ऐसे सैकड़ों गांव हैं, जहां गांव वाले कुएं का गंदा कीचड़ भरा पानी पीने तक को मजबूर हैं। इतना ही नहीं 30 से 35 साल पहले बने बरगी बांध के विस्थापित दुर्गा नगर में रहने वाले तीन जिलों के ग्रामीणों को इतने साल बीत जाने के बाद भी पानी समेत अन्य कई मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।