जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती की लंबे अरसे से राह तक रहे युवक-युवतियों में सोमवार को उस वक्त खुशी की लहर दौड़ गई जब सोशल मीडिया पर संविदा शिक्षक भर्ती प्रक्रिया की सूचना आयी। सूचना पढ़ते ही कई बेरोजगार युवक-युवतियां संविदा शिक्षक का भर्ती आवेदन जमा करने के लिए एमपीऑनलाइन के कियोस्क सेंटर्स में पहुंच गए। लेकिन कियोस्क सेंटर पहुंचे युवकों को सच्चाई जानकर निराश होना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल संविदा शिक्षक भर्ती का पोस्ट फर्जी निकला। लेकिन भर्ती प्रक्रिया के विज्ञापन जारी होने से मध्यप्रदेश प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड(पीइबी) तक हड़कंप मच गया। बाद में पीइबी ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया के लिए किसी प्रकार के विज्ञापन जारी किए जाने की बात से इनकार किया।