
2022 की विदाई का अनोखा अंदाज : यहां लिया गया बुजुर्गों का आशीर्वाद, किया गया सम्मान
साल 2022 की विदाई में अब कुछ ही घंटे शेष हैं। पूरी दुनिया नए साल के जश्न में डूबने जा रही है। आमतौर पर इस खास दिन को क्लब और होटल्स में लेट नाइट पार्टियों के जरिए सेलिब्रेट किया जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश के जबलपुर में साल 2022 की विदाई को एक अलग ही अंदाज में सेलीब्रेट किया गया है। शहर के विजय नगर इलाके में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के जरिए शहर के करीब 2 हजार से ज्यादा बुजुर्गों का सम्मान किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत बुजुर्गों को तिलक लगाकर, उन पर फूल वर्षा कर उनका विशेष स्वागत किया गया है। यही नहीं आयोजकों द्वारा नए साल के लिए बुजुर्गों का न सिर्फ आशीर्वाद लिया, बल्कि उन्हें शॉल पहनाकर सम्मानित भी किया है।
आपको बता दें कि, इस अनोखे आयोजन को जबलपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल द्वारा आयोजित कराया गया है। कार्यक्रम के बाद मीडियो से चर्चा करते हुए कमलेश ने कहा कि, बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं, क्योंकि वही अपने अनुभव के साथ परिवारों और समाज को सही रास्ते पर बढ़ने का रास्ता दिखाते हैं, लिहाजा बुजुर्गों के सम्मान के साथ, गुजरते साल को विदाई और नए साल के स्वागत जैसा बेहतर मौका नहीं हो सकता। बुजुर्गों को सम्मानित करने के साथ उन्हें भोजन कराया गया। इस दौरान सभी को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क भी वितरित किये गए हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य
कमलेश अग्रवाल ने आगे ये भी कहा कि, हम हर साल 31 दिसंबर को बुजुर्गों का यशवंदन कार्यक्रम करते हैं। क्योंकि बिना बुजुर्गों के आशीर्वाद के हम कोई नया काम नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि, जिस तरह से वृद्धाश्रम बढ़ रहे हैं, ये हमारे समाज के लिए बड़े दुख और शर्म की बात है। हम ये कार्यक्रम कर ये संदेश देना चाहते हैं कि, शहर में कोई भी वृद्धाश्रम ना हो सभी अपने बुजुर्गों का सम्मान किया जाए।
Published on:
31 Dec 2022 07:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
