हरे-हरे नोटों ने बीईओ को 4 साल के लिए भेजा जेल, शिष्यवृत्ति के लिए भी लेता था रिश्वत
जगदलपुर. दरभा में अपनी पदस्थी के दौरान 15 हजार की रिश्वत मांगने वाले बीईओ मोहन जोशी को गुरुवार को विशेष न्यायालय ने चार साल के सश्रम कारावास के साथ ही तीन हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है। शिष्यवृत्ति निकालने के लिए बीईओ ने लिए थे 5-5 सौ के 30 नोट, मिली चार साल की सजा, शिष्यवृत्ति निकालने की थी रिश्वत की मांग।
बीईओ ने किया था शिष्यवृत्ति निकालने 15 हजार की मांग बीईओ मोहन जोशी से दरभा के चंद्रगिरी में पदस्थ एक शिक्षिका फुलेश्वरी पोडि़यामी ने विद्यार्थियों की 62 हजार रुपए की शिष्यवृत्ति निकालने कहा था। बीईओ जोशी ने पहले तो बहुत हीलाहवाला किया। इसके बाद उसने यह राशि निकालने फुलेश्वरी से 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। फुलेश्वरी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी।
एसीबी ने 30 नोटों के साथ रंगे हाथों पकड़ा था एंटी करप्शन ब्यूरो ने जोशी को पांच-पांच सौ के 30 नोट लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। दिसंबर 2014 में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। तीन साल के भीतर ही इस मामले पर भ्रष्टाचार नियंत्रण के विशेष न्यायाधीश डीएन भगत ने फैसला सुनाया है। शासन की ओर से दिनेश पाणीग्राही ने इस मामले में पैरवी की थी। मोहन जोशी दरभा के साथ ही बास्तानार में भी बीईओ रह चुका था।