बस्तर की बात करें तो यहां की तस्वीर और भी दिलचस्प है। कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में 252 से अधिक तितली प्रजातियों की मौजूदगी दर्ज की गई है। जंगल, जलस्रोत, घासभूमि और अलग-अलग तरह की वनस्पतियां यहां तितलियों को अनुकूल वातावरण देती हैं। कांगेर घाटी के कुछ क्षेत्रों में एक ही स्थान पर 100 से अधिक प्रजातियां देखी जा सकती हैं। कॉमन जेम, ऑरेंज ओकलीफ, ब्लू टाइगर, प्लेन टाइगर और कॉमन मैप जैसी तितलियां यहां आकर्षण का केंद्र हैं। अक्टूबर से फरवरी के बीच इनकी गतिविधियां खास तौर पर देखने को मिलती हैं। यही वजह है कि कांगेर घाटी में तितली क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बन रहा है।