
अपहृत ग्रामीणों में एक ही परिवार के हैं तीन
जगदलपुर/सुकमा. सुकमा के चिंतागुफा में नक्सलियों द्वारा आत्मसमर्पित साथी के परिवार के 3 व उपसरपंच सहित 5 ग्रामीणों का अपहरण करने का मामला सामने आ रहा है। अपहृत सभी ग्रामीण चिंतागुफा के ही निवासी है। इसमें नक्सलियों ने पहले आत्मसमर्पित नक्सली पोडिय़म पंडा की पत्नी मुये, भाई राजा व कोसा का शुक्रवार को अपहरण कर लिया था। इसके बाद इस गांव के उपसरपंच तिरमणी सेठिया, कवासी मूंगा, कवासी सोना, कवासी नंदा, पोडिय़म कोमल का शनिवार को अपहरण किया है।
जन अदालत लगाए जाने की भी खबर
पोडिय़म पंडा के समर्पण के बाद बौखलाए नक्सलियों ने अपनी नापाक करतूत को अंजाम दिया है। नक्सली आत्मसमर्पित पोडिय़म पंडा के समर्पण करने की बात को लेकर पंडा के परिजनों को पहले अगवा कर लिया। फिर गांव के उपसरपंच सहित अन्य ग्रामीणों का भी अपहरण किया है। यह भी खबर सामने आ रही है कि नक्सलियों ने इलाके से कुछ दूरी पर जन अदालत लगाया है।
Read More : IED Blast : सुरक्षा में तैनात दो जवान व बाजार पहुंची एक ग्रामीण महिला घायल
अपहृत ग्रामीणों में एक ही परिवार के हैं तीन
अपहृत 8 ग्रामीणों में 3 एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। जो आत्मसमर्पित नक्सली पोडिय़म पंडा का परिवार है। इस बड़े नक्सली के आत्मसमर्पण से गुस्साएं नक्सलियों ने अपहरण की इस घटना को अंजाम दिया है। अपहरण में पंडा की पत्नी व दो भाई भी शामिल है।
नक्सली आतंक से मुक्त कराने आएं आगे
इस संबंध में सुकमा एसपी अभिषेक मीणा ने मीडिया के माध्यम से सभी मानव अधिकार संघठन, जनप्रतिनिधि, मीडिया व आम जनता से कहा है कि सामान्य जीवन यापन कर रहे पंडा के परिजन व ग्रामीणों को नक्सली आतंक से मुक्त कराने आगे आएं। सभी के रिहाई कराने के लिए उन्होंने अपील की हैं। इधर प्रेस कांफ्रेंस में शामिल आत्मसमर्पित नक्सली पोडियम पंडा ने कहा कि कल सुबह उसने अपने परिवार के लोगों को छोडऩे के लिए फोन किया था। जिसके बाद अपहरकर्ताओं की तरफ से ये कहा गया कि 8 से 10 घंटे के भीतर सभी को छोड़ दिया जायेगा, लेकिन किसी को नहीं छोड़ा गया है।
पहले भी कर चुके हैं अपहरण
पोडियम पंडा बड़ा नक्सली रहा है, जो करीब 15 से 20 सालों तक रमन्ना और हिड़मा जैसे नक्सली लीडरों के साथ काम कर चुका है। वो कई बड़ी वारदातों में भी शामिल रहा, लेकिन पिछले दिनों उसने आत्मसमर्पण कर दिया। इस आत्मसमर्पण से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी नक्सलियों ने साल 2016 में नक्सली पोडियम पंडा की पत्नी, भाई का अपहरण किया था और मारपीट के साथ-साथ आर्थिक दंड भी लगाया था।
Published on:
20 Sep 2017, 7:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.