
3 अक्टूबर को बस्तर आएंगे PM मोदी
जगदलपुर। pm modi Visit Chhattisgarh : पीएम मोदी 3 अक्टूबर को बस्तर दौरे पर आ रहे हैं। ऐसे में कई बड़ी सौगातें बस्तर को मिल सकती हैं। ऐसे में 1966 के बने रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की सौगात भी पीएम बस्तरवासियों को दे सकते हैं। यही वजह है कि शुक्रवार को डीआरएम जगदलपुर स्टेशन पहुंचे और यहां का जायजा लिया। उन्होंने पत्रिका को बताया कि वे यहां रेलवे स्टेशन की स्थिति को जानने के लिए आए हैं। हो सकता है पीएम मोदी इसका भूमिपूजन करें। इसलिए तैयारियां तेज कर दी गईं हैं।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा स्टेशनों की स्थिति बदलने के लिए अमृत भारत योजना के तहत सूचीबद्ध कर रही है। इसमें जगदलपुर स्टेशन का भी नाम है। साथ ही नगरनार स्टील प्लांट और डिमरापाल में स्थित सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल का भी उद्घाटन कर सकते हैं। इसके लिए विभागीय स्तर की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि अब तक पीएमओ ऑफिस की तरफ से कोई भी जानकारी नहीं आई है, लेकिन सियासी गलियारों समेत भाजपा संगठन में इसकी चर्चा काफी तेज है।
मोदी की आमसभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी
पीएम नरेंद्र मोदी की लालबाग मैदान में होने वाली सभा के लिए भाजपा संगठन ने एक लाख से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए भाजपा की टीम विशेष तैयारी में जुटी है। बड़े-बड़े नेताओं को मंडल में प्रभारी बनाया गया है और लोगों को बुलाने के लिए विशेष आमंत्रण पत्र छपाया गया है। वे घर-घर जाकर इस निमंत्रण पत्र को देंगे और सभा में आने का निवेदन करेंगे।
तीन बड़े डोम का स्ट्रक्चर तैयार
लालबाग में पीएम मोदी की सभा को लेकर तैयारियां जोरों पर है। शुक्रवार की शाम तक यहां पीएम मोदी की सभा को सुनने आने वालों के लिए तीन बड़े डोम तैयार हो गए हैं। यह पूरी तरह से वाटरप्रूफ रहेंगे। इसके बाद अब सामान्य टेंट लगाने का काम चलेगा। करीब ढाई एकड़ से भी अधिक इलाके में लोगों के बैठने के लिए व्यवस्था की जा रही है। सिर्फ डोम की बात करें तो इसमें 50 हजार लोग आसानी से बैठ सकेंगे।
डीआरएम व कलेक्टर की हुई चर्चा
डीआरएम सौरभ प्रसाद सुबह 10 बजे जगदलपुर स्टेशन पहुंचे। यहां स्टेशन की निरीक्षण किया और उसके बाद अतिक्रमित इलाके को भी देखा। इसके बाद वे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और यहां कलेक्टर विजय दयाराम से मुलाकात की। उन्होंने यहां अतिक्रमण हटाने समेत अन्य विषयों पर चर्चा की और जल्द ही इसके लिए उचित कार्रवाई करने के लिए कहा। कहा कि रेलवे सुविधाओं का विकास भी इसी के बाद ही बेहतर तरीके से संभव हो सकेगा।
Published on:
30 Sep 2023, 1:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.