
Bheruji Lakhi Mela: नारेहडा के कुहाड़ा के छापाला भैरूजी मंदिर में गुरुवार को भरने वाले लक्खी मेले के लिए ग्रामीणों में उत्साह है। बुधवार को करीब 11 हजार महिलाओं की ओर से कलश यात्रा निकाली जाएगी और गुरुवार को भण्डारा व दोपहर में धमाल कार्यक्रम आयोजित होगा। भैरू बाबा मन्दिर पर हेलीकॉप्टर से पुष्वपर्षा की जाएगी। पिछले एक माह से ग्रामीण जन सहयोग व भंडारे की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
ग्रामीण 551 क्विंटल चूरमे की प्रसादी बनाने में लगे हुए हैं। चूरमे में जेसीबी से खांड, घी, काजू, बादाम, किशमिश व खोपरा मिलाने के बाद 10 ट्रॉलियों में चूरमे की प्रसादी को भरकर रखा गया है।
मन्दिर पुजारी रोहिताश बोफा ने बताया कि वार्षिकोत्सव में दूरदराज से श्रद्धालु आते हैं। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। वार्षिकोत्सव में ग्रामीण एकजुट होकर सहयोग करते हैं। ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली, थ्रेसर, कंप्रेसर, जेसीबी की सुविधा नि:शुल्क अपने स्तर पर ही करते हैं।
बाबा के दर्शन के लिए मुख्य सड़क से 2 किमी अंदर जाना होता है। इन 2 किमी में 3 दरवाजों से गुजरना पड़ता है। इसके बाद तलहटी से पहाड़ तक करीब 116 सीढ़ियां चढ़कर मंदिर परिसर तक पहुंचा जा सकता है। वार्षिकोत्सव पर दूरदराज से श्रद्धालु बाबा के दर्शन करने आते हैं।
ग्रामीण जयराम जेलदार, पुजारी रोहिताश बोफा, कैलाश धाबाई ने बताया कि कार्यक्रम में गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, पूर्व विधायक प्रेम सिंह बाजौर, कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, माण्डल विधायक उदयलाल भडाना, खेतड़ी विधायक धर्मपाल गुर्जर, विराटनगर विधायक कुलदीप धनखड़, बानसूर विधायक देवीसिंह शेखावत, जयपुर जिला प्रमुख रमा चौपड़ा, बहरोड़ विधायक जसवंत यादव, शाहपुरा विधायक मनीष यादव सहित कई विधायक व नेता शिरकत करेंगे।
Updated on:
29 Jan 2025, 11:47 AM IST
Published on:
29 Jan 2025, 11:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.