
जैसलमेर में खुले बाजार
भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहा तनाव अब सामान्य स्थिति में लौटने लगी है। सीजफायर के बाद अब सीमावर्ती इलाकों में लगी पाबंदी हटने के बाद अब मंगलवार से सामान्य गतिविधियां होने लगेंगी। बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर में सोमवार को ब्लैकआउट नहीं हुआ और मंगलवार से स्कूल व कॉलेज खोलने की घोषणा प्रशासन की ओर से कर दी गई इसी के साथ परीक्षाएं भी संपन्न हो सकेंगी। वहीं, श्रीगंगानगर में सोमवार को भी सतर्कता बरतते हुए ब्लैकआउट रखा गया और स्कूलों में आगामी आदेश तक अवकाश जारी रखने के आदेश हैं। उधर, छह दिन से बंद जोधपुर एयरपोर्ट मंगलवार से आवागमन के लिए खुल जाएगा। बाडमेर प्रशासन ने भी सामान्य स्थिति की घोषणा की है।
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा व सूरजगढ़ क्षेत्रों में सोमवार रात ड्रोन मंडराने की की सूचना पर सुरक्षा के लिहाज से चिड़ावा, सूरजगढ़, पिलानी, सिंघाना, बुहाना, मंड्रेला और सुलताना में ब्लैक आउट घोषित कर दिया गया। हालांकि दो घंटे बाद इसे हटादिया गया।
श्रीगंगानगर में सीजफायर के बाद सीमावर्ती इलाकों में जनजीवन सामान्य हो रहा है। हालांकि स्कूलों में अभी अवकाश जारी रहेगा। जिला कलक्टर डॉ. मंजू ने बताया कि हालात पूरी तरह सामान्य होने पर ही स्कूल खोलने के बारे में निर्णय करेंगे। वहीं एडीएम प्रशासन सुभाष चंद्र ने बताया कि सतर्कता बरतते हुए सोमवार को ब्लैक आउट रखा गया है। वहीं रविवार रात लालगढ़ जाटान क्षेत्र में धमाकों की आवाज सुनी गई। श्रीगंगानगर के घमूड़वाली थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी झंडा और गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया। गुब्बारे पर पाकिस्तान का निशान और पीटीआई पार्टी का झंडा लगा हुआ था। खुफिया एजेंसियों को सूचना दी गई है और जांच जारी है।
बीकानेर के सीमावर्ती क्षेत्र में सोमवार को ब्लैक आउट जैसे सुरक्षात्मक कदम में भी ढील दे दी गई है। ऐसे में बीकानेर शहर और सीमावर्ती खाजूवाला कस्बे का बाजार सोमवार रात खुला रहा। सीमावर्ती बज्जू कस्बे में जरूर जिला कलक्टर ने आदेश पहुंचने में देरी होने से एक बारगी 7 बजे पुलिस ने बाजार बंद करवाना शुरू कर दिया। इसकी सूचना जिला कलक्टर को मिलने पर उन्होंने उपखण्ड प्रशासन को बाजार बंद की बंदिश हटाने की जानकारी देकर ऐसा करने से रोका।
बाड़मेर के गडरारोड क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 5 बजे एक ड्रोन दिखाई दिया। सूत्रों के अनुसार सेना ने एलएमजी से तीन फायर कर इसे नष्ट कर दिया। सुबह-सुबह धमकों की आवाज से ग्रामीणों की नींद टूट गई। ग्रामीण शाहरुख खान ने बताया कि सुबह सवेरे 5 बजे तेज धमाकों के साथ फायरिंग की आवाज सुनाई दी। वहीं देर रात जालिपा क्षेत्र में ड्रोन देखने व धमाकों का दावा किया, लेकिन प्रशासन ने स्थिति को सामान्य बताया।
Updated on:
13 May 2025 10:19 am
Published on:
13 May 2025 06:53 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
