खेती के लिए कीटनाशक दवा की दुकान खोलने के लिए अब कृषि का डिप्लोमा करने के साथ कृषि विभाग से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। इसके बिना कीटनाशक दवा नहीं बेच पाएंगे। किसानों की खरीफ व रबी फसलों को रोग से बचाने को इस्तेमाल होने वाली दवा को लेकर अलर्ट जारी किया है। अब ऐसे दवा विक्रेताओं को भी फसलों में कीट एवं व्याधियों का प्रकोप बचाने के लिए विभागीय कोर्स करना अनिवार्य होगा। क्षेत्र में खरीफ व रबी में बुवाई की जाने वाली विभिन्न फसलों में मौसम के अनुकूल नहीं रहने से कीट व व्याधियों का प्रकोप बना रहता है। पौधों की जड़ों में दीमक तो पत्तियों में लट या सरसों की फलियों में चेंपा, लीफ माइनर सहित फसलों में कई प्रकार के कीट लग जाते हैं। जिससे फसलों के बचाव के लिए कीटनाशक दवाएं छिड़की जाती हैं। इन दवाओं को बेचने के लिए संबंधित डिप्लोमा व लाइसेंस की जरूरत होगी।