
सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों के साथ सीएम भजनलाल शर्मा (पत्रिका फोटो)
जयपुर: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मुक्केबाज अरुंधति चौधरी को आखिरकार राज्य सरकार ने सम्मानित कर ही दिया। दरअसल, प्रतियोगिता जीतने के बाद हाल ही लौटी अरुंधति ने सरकार की ओर से सम्मान राशि नहीं मिलने पर नाराजगी जताई थी। इसके बाद हरकत में आए खेल विभाग ने सम्मान समारोह की घोषणा की और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें एक करोड़ रुपए की राशि का चेक प्रदान किया।
कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में शनिवार को आयोजित इस समारोह में राष्ट्रमंडल खेल 2026 और अन्य प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं को भी पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। इस दौरान कॉमनवेल्थ गेम्स में भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले यशवीर सिंह को 30 लाख रुपए की राशि का चेक प्रदान किया गया। इनके अलावा अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2026 में रजत पदक विजेता संध्या विश्नोई, पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल और राहुल शर्मा को भी पुरस्कार राशि दी गई।
सम्मान समारोह में खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, युवा मामले एवं खेल विभाग मंत्री केके विश्नोई, विधि मंत्री जोगाराम पटेल और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रवीण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
छह अगस्त को जयपुर आने के बाद अरुंधति ने पत्रिका से इंटरव्यू में सरकार की ओर से कोई सहायता नहीं मिलने की पीड़ा जाहिर थी। इस पर सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सम्मान समारोह का आयोजन किया और पुरस्कार राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से संवाद में अरुंधति ने बताया कि टूर्नामेंट से पहले उन्हें 102 डिग्री बुखार हो गया था। लेकिन मेरा हौसला नहीं टूटा, मैंने सोच लिया था कि मैं या तो 9 मिनट में अपना 100 प्रतिशत दूं, या फिर अगले चार साल और इंतजार करूं। बस, अपने हौसले के दम पर मैंने यह जीत हासिल की।
अरुंधति चौधरी शनिवार को जयपुर से विमान के जरिए दिल्ली रवाना हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर रविवार को प्रधानमंत्री कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कॉमनवेल्थ गेम्स के सभी पदक विजेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।
Updated on:
09 Aug 2026 07:58 am
Published on:
09 Aug 2026 07:58 am
