
raghu sharma
जयपुर। आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना (पूर्ववर्ती भामाशाह योजना) के अंतर्गत मरीजों की सुविधा और योजना के निर्बाध संचालन के लिए वर्ष 2018-19 की बीमा अवधि को अगले तीन महीने अथवा नवीन बीमा कंपनी के चयन तक बढ़ाया गया है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने बताया कि योजना से जुड़े सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में सभी व्यवस्थाएं पूर्व की भांति यथावत रहेगी। योजना के लाभार्थियाें को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए निर्देश भी जारी किए गए हैं।
उन्हाेंने बताया कि 12 दिसंबर की मध्य रात्रि के बाद योजना के अंतर्गत अनुबंधित बीमा कंपनी द्वारा किया जा रहा क्लेम का प्री ऑथ एप्रुवल, क्लेम प्रोसेस और भुगतान का समस्त कार्य अब अस्थाई रूप से बढ़ाई गई बीमा अवधि में थर्ड पार्टी एजेन्सी के माध्यम से राजस्थान स्टेट हैल्थ एन्श्योरेंस एजेंसी द्वारा किया जाएगा।
डॉ. शर्मा ने बताया कि योजना की शर्ते और समय-समय पर जारी दिशा-निर्देश यथावत लागू रहेंगे। योजना के अंतर्गत अब तक 42 लाख 24 हजार 591 लोगों को लाभान्वित किया जा चुका है। उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत महात्मा गांधी राजस्थान स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत द्वितीय फेज 12 दिसंबर 2019 को मध्य रात्रि 12 बजे समाप्त हो रहा है एवं आगामी फेज-3 के लिए नवीन बीमा कंपनी का चयन प्रक्रियाधीन हैै।
Published on:
12 Dec 2019, 10:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.