
सैन्य सम्मान से हुआ अंतिम संस्कार (फोटो: पत्रिका)
BSF Soldier Ratan Singh Died: जयपुर के खन्नीपुरा गांव के बीएसएफ जवान रतन सिंह शेखावत की पार्थिव देह सोमवार को तिरंगे में लिपटी गांव पहुंची तो माहौल गमगीन हो गया। भारत माता के जयकारों के बीच पत्नी फूल कंवर, बेटे सुरेन्द्र, बेटी सोनू और अन्य परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के बाद ग्राम के जमवाय माता मंदिर के पास सैन्य सम्मान से अंतिम संस्कार हुआ, जहां बेटे सुरेन्द्र ने मुखाग्नि दी। शव के गांव पहुंचते ही ग्रामीण शहीद का दर्जा, आर्थिक सहायता, स्मारक निर्माण व अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर करीब साढ़े तीन घंटे धरने पर बैठ रहे। पूर्व विधायक रामलाल शर्मा, उपखंड अधिकारी दिलीप सिंह, डीएसपी राजेश जांगिड़ व अन्य ने वार्ता कर आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार को राजी हुए।
बीएसएफ की ओर से जवान को 50 राउंड फायर कर सलामी दी गई व तिरंगा बेटे को सौंपा गया। शव यात्रा में आसपास के सैकड़ों लोग शामिल हुए। जवान की मौत पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में साथी जवान एस.के. मिश्रा से विवाद में फायरिंग के दौरान हुई थी, जिसमें उसे पांच गोलियां लगीं। आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है।
केदारनाथ के पास गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार को श्रद्धालुओं को ले जा रहे हेलीकॉप्टर क्रैश में जयपुर के शास्त्री नगर निवासी पायलट राजवीर सिंह की मौत हो गई। सोमवार देर रात उनका शव जयपुर पहुंचने की संभावना जताई गई। परिजन ने बताया कि मंगलवार सुबह राजवीर सिंह की अंत्येष्टि की जाएगी।
सोमवार को भी राजवीर सिंह के घर शोक संवेदना प्रकट करने वालों का तांता लगा रहा। हर कोई उनके जुड़वां बच्चों को देखकर भावुक हो रहा था। राजवीर की शादी को 14 वर्ष हो चुके हैं और हाल ही में उनके यहां जुड़वा संतान का जन्म हुआ था। इसी माह बच्चों के होने का कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। साथ ही, राजवीर के माता-पिता की शादी की सालगिरह भी इसी माह है।
Updated on:
17 Jun 2025, 7:40 AM IST
Published on:
17 Jun 2025, 7:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.