
जयपुर
राजस्थान के नागौर जिले के अठियासन के निकट देर रात झुंझाला माता से दर्शन कर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस ट्रक से टकरा गई। वहीं, हादसे मे दो जनों की मौके पर ही मौत हो गई और एक अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। देर रात जिस समय हादसा हुआ उस समय अधिकतर सवारियां गहरी नींद में थीं। हादसे मंे करीब बीस लोग घायल हुए हैं और सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनमें से पांच की हालत बेहद गंभीर है। हादसे के बाद बल पलट गई। बस के नीचे दबे लोग चीख पुकार करते रहे। क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया और उसके बाद उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि श्रद्धालुओं से भरी बस कुचेरा थाना क्षेत्र के झुंझाला से दर्शन कर नागौर की ओर आ रही थी। वहीं, ट्रक नागौर से कुचेरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान अठियासन गांव के निकट भिड़ंत हो गई। हादसे में बस सवार दो बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक बच्ची को नागौर जेएलएन अस्पताल ले जाने के बाद उसकी मौत हो गई। हादसा होते ही बस में सवार श्रद्धालुओं की चीख.पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और नागौर जेएलएन अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं पांच गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया।
नागौर वृताधिकारी विनोद कुमार सीपा ने बताया कि बस में सवार श्रद्धालु पहले रामदेवरा गए थे। उसके बाद वह झूंझाला दर्शन कर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान अठियासन के पास बस और ट्रक में भिड़ंत हो गई। इधर हादसे की जानकारी मिलते ही नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने नागौर अतिरिक्त जिला कलेक्टर और नागौर जेएलएन अस्पताल के पीएमओ से फोन पर बात कर घायलों को समुचित इलाज करवाने और गंभीर घायलों को हाई सेंटर रेफर करने के निर्देश दिए। हादसे के बाद नागौर पुलिस ने दोनों ही वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क के किनारे करवाया और यातायात सुचारू किया।
Published on:
27 Sept 2022 11:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
