राजधानी में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहे। हालांकि, कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन तेज बारिश दर्ज नहीं की गई। कलक्ट्रेट स्थित नियंत्रण कक्ष व सांगानेर स्थित मौसम विभाग के कक्ष में शाम 5.30 बजे तक बारिश रिकॉर्ड नहीं की गई थी। उधर, बादल छाए रहने से मौसम सुहावना रहा। रात होते-होते शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदा-बांदी व कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश ने लोगों को राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में पूर्वी राजस्थान व पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की व मध्यम बारिश हो सकती है। जबकि पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्से में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। प्रदेश में डबोक में 38 मिमी, कोटा में 23.2 मिमी व अजमेर में 7.8 मिमी बारिश दर्ज की गई।